किचन और लाइफस्टाइल ब्रांड Cüraa ने Series A फंडिंग राउंड में 40 करोड़ जुटाए हैं। इस राउंड का नेतृत्व 3वन4 कैपिटल (3one4 Capital) ने किया, जबकि मौजूदा निवेशकों के कैपिटल, लुमिकाई (Kae Capital, Lumikai) और Better Capital ने भी इसमें हिस्सा लिया। इस फंडिंग राउंड में निवेश बैंकिंग फर्म वैल्यूब्रिज कैपिटल (ValueBridge Capital) ने सलाहकार की भूमिका निभाई।
कंपनी नई फंडिंग का इस्तेमाल अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को बढ़ाने के लिए करेगी। इसमें प्री-कुक और कुकिंग कैटेगरी के नए प्रोडक्ट शामिल होंगे। इसके अलावा, कंपनी वेयरहाउसिंग और सप्लाई चेन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, D2C, मार्केटप्लेस और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी बढ़ाने और प्रमुख पदों पर वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति करने की योजना बना रही है।
क्यूरा (Cüraa) की यह फंडिंग ऐसे समय में आई है जब भारत में किचन प्रोडक्ट्स का बाजार तेजी से बदल रहा है। आधुनिक भारतीय किचन में ग्राहक ऐसे प्रोडक्ट पसंद कर रहे हैं जो बेहतर प्रदर्शन, टिकाऊपन, उपयोगी डिजाइन और अच्छी गुणवत्ता के साथ भारतीय खाना पकाने की जरूरतों को पूरा करें।
कंपनी के अनुसार, लॉन्च के बाद से अब तक 3 लाख से अधिक परिवारों ने क्यूरा (Cüraa) के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल किया है। सितंबर 2024 में लॉन्च के बाद कंपनी का मासिक नेट रेवेन्यू 25 गुना बढ़ा है। कंपनी के प्रोडक्ट्स की औसत रेटिंग 4.5 से अधिक है, जबकि इसका नेट प्रोमोटर स्कोर (Net Promoter Score (NPS) 70 से ऊपर है।
क्यूरा (Cüraa) की स्थापना शेफ़ संज्योत कीर और नीरज कुमावत ने की है। संज्योत कीर (Sanjyot Keer) ने डिजिटल फूड क्षेत्र में एक दशक से अधिक समय तक काम किया है और योर फ़ूड लैब (Your Food Lab) के जरिए बड़ी संख्या में भारतीय उपभोक्ताओं तक पहुंचे हैं। वहीं, नीरज कुमावत (Neeraj Kumawat) कंपनी के ऑपरेशंस और बिजनेस को आगे बढ़ाने पर ध्यान दे रहे हैं।
क्यूरा (Cüraa) के को-फाउंडर संज्योत कीर ने कहा कि पिछले एक दशक में उन्होंने लाखों भारतीयों के खाना पकाने के तरीकों और किचन से जुड़ी समस्याओं को समझा है। उन्होंने कहा कि क्यूरा उसी अनुभव का विस्तार है और कंपनी ऐसे प्रोडक्ट तैयार कर रही है जो वास्तविक कुकिंग समस्याओं को हल करते हैं।
क्यूरा के को-फाउंडर और सीईओ नीरज कुमावत ने कहा कि कंपनी लंबे समय के लिए ब्रांड तैयार कर रही है। नई फंडिंग से प्रोडक्ट डेवलपमेंट, सप्लाई चेन, कस्टमर एक्सपीरियंस और डिस्ट्रीब्यूशन को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
3वन4 कैपिटल के आनंद बत्रा ने कहा कि क्यूरा (Cüraa) ने मजबूत कंज्यूमर ट्रस्ट और कारोबार को बड़े स्तर पर बढ़ाने के लिए जरूरी ऑपरेशनल क्षमता को एक साथ विकसित किया है। वहीं, लुमिकाई (Lumikai) की फाउंडर और मैनेजिंग पार्टनर सलोने सहगल ने कहा कि क्यूरा (Cüraa) ने क्रिएटर की विश्वसनीयता को एक मजबूत कंज्यूमर बिजनेस में बदलने की क्षमता दिखाई है।
अगले चरण में क्यूरा (Cüraa) का फोकस भारतीय किचन की जरूरतों के हिसाब से नए प्रोडक्ट तैयार करने, प्री-कुक और कुकिंग कैटेगरी का विस्तार करने और सप्लाई चेन, प्रोडक्ट उपलब्धता व कस्टमर सर्विस को मजबूत करने पर रहेगा।