वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद MSME का भरोसा 59.3 पर कायम: SIDBI

वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद MSME का भरोसा 59.3 पर कायम: SIDBI

वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद MSME का भरोसा 59.3 पर कायम: SIDBI
भारत के माइक्रो, स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (MSMEs) ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच अपनी मजबूती बनाए रखी है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष समेत कई चुनौतियों के बावजूद अप्रैल-जून 2026 तिमाही में MSMEs का कारोबारी भरोसा सकारात्मक बना रहा।


SIDBI के अप्रैल-जून 2026 के नवीनतम MSME Outlook Survey के अनुसार, कंपनियों को आने वाले महीनों में भी कारोबारी माहौल बेहतर रहने की उम्मीद है।

सर्वे के मुताबिक, MSMEs को बढ़ती लागत, मांग में उतार-चढ़ाव और कुशल कर्मचारियों की कमी जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद बिक्री काफी हद तक स्थिर रही, मुनाफे के मार्जिन में बड़ा बदलाव नहीं आया और कारोबार के लिए वित्त की उपलब्धता भी सामान्य बनी रही। आने वाली तिमाहियों को लेकर कंपनियों का नजरिया भी सकारात्मक है।

MSME Business Confidence Index 59.3 पर

अप्रैल-जून 2026 तिमाही में MSME Business Confidence Index (M-BCI) 59.3 रहा, जबकि पिछली तिमाही में यह 59.8 था। मामूली गिरावट के बावजूद इंडेक्स 50 के स्तर से ऊपर बना हुआ है। 50 से ऊपर का स्कोर बताता है कि कारोबार का माहौल अभी भी सकारात्मक और विस्तार की स्थिति में है।

आने वाले समय को लेकर भी भरोसा मजबूत

जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के लिए MSME Business Expectations Index (M-BEI) 60.1 रहा। अप्रैल-जून 2027 तक इसके बढ़कर 61.2 होने का अनुमान है। यह संकेत देता है कि MSMEs को अगले एक साल में कारोबारी परिस्थितियों में सुधार की उम्मीद है।

मैन्युफैक्चरिंग, ट्रेडिंग और सर्विसेज में बिक्री का रुझान सकारात्मक

अप्रैल-जून तिमाही में मैन्युफैक्चरिंग, ट्रेडिंग और सर्विसेज तीनों क्षेत्रों में बिक्री को लेकर रुझान सकारात्मक रहा। मैन्युफैक्चरिंग और सर्विसेज कंपनियां पिछली तिमाही की तुलना में थोड़ी सतर्क दिखीं, जबकि ट्रेडिंग कंपनियों के बीच कारोबारी उम्मीदों में सुधार देखने को मिला। ट्रेडिंग सेक्टर में कम कंपनियों ने कारोबार को लेकर नकारात्मक रुख दर्ज किया

मुनाफे पर लागत का दबाव, लेकिन स्थिति स्थिर

तीनों क्षेत्रों में कंपनियों के मुनाफे का स्तर कुल मिलाकर स्थिर रहा। करीब 21% मैन्युफैक्चरिंग, 20% ट्रेडिंग और 22% सर्विसेज कंपनियों ने नेट प्रॉफिट मार्जिन में सुधार की जानकारी दी। वहीं, तीनों क्षेत्रों में करीब 20% से 30% कंपनियों ने मुनाफे के मार्जिन में गिरावट की बात कही। इससे पता चलता है कि कुछ MSMEs पर लागत और अन्य कारोबारी दबाव अभी भी बना हुआ है।

कुशल कर्मचारियों की कमी बनी बड़ी चुनौती

Skilled Labour की उपलब्धता MSMEs के लिए प्रमुख चुनौतियों में बनी हुई है। मैन्युफैक्चरिंग और सर्विसेज सेक्टर के करीब 20% कारोबारों ने कुशल कर्मचारियों की उपलब्धता में गिरावट की जानकारी दी। हालांकि, अधिकांश कंपनियों ने कहा कि कर्मचारियों की उपलब्धता स्थिर रही या इसमें सुधार हुआ। फिर भी कुछ कंपनियों को आने वाले समय में स्किल की कमी बने रहने की आशंका है।

वित्त की उपलब्धता फिलहाल स्थिर

MSMEs के लिए Working Capital Finance की उपलब्धता भी अधिकांश क्षेत्रों में स्थिर रही। मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों को आगे चलकर वर्किंग कैपिटल की उपलब्धता में कुछ कमी की आशंका है, जबकि सर्विसेज और ट्रेडिंग कंपनियों को इसमें सुधार की उम्मीद है। कुल वित्तीय उपलब्धता को लेकर भी ट्रेडिंग सेक्टर सबसे अधिक आशावादी नजर आया।

MSMEs का कारोबारी आउटलुक सकारात्मक

कुल मिलाकर, MSMEs का कारोबारी भरोसा पिछली तिमाही की तुलना में लगभग स्थिर और सकारात्मक रहा। सर्विसेज सेक्टर में एक साल बाद बेहतर कारोबारी परिस्थितियों की उम्मीद रखने वाली कंपनियों की हिस्सेदारी वर्तमान के 44% से घटकर 32% रही, लेकिन कुल मिलाकर सेक्टर का आउटलुक सकारात्मक बना हुआ है।

क्या है SIDBI का MSME Outlook Survey?

MSME Outlook Survey, SIDBI द्वारा हर तिमाही किया जाने वाला सर्वे है, जो MSMEs के मौजूदा कारोबारी माहौल और भविष्य की उम्मीदों को मापता है। इसमें M-BCI वर्तमान कारोबारी परिस्थितियों और M-BEI भविष्य की कारोबारी उम्मीदों को दर्शाता है। दोनों इंडेक्स 0 से 100 के पैमाने पर मापे जाते हैं, जिसमें 50 से ऊपर का स्कोर सकारात्मक या विस्तार वाले कारोबारी माहौल का संकेत देता है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities