जापानी दोपहिया वाहन निर्माता Honda ने भारत में अपने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर UC3 का पेटेंट कराया है। पेटेंट फाइलिंग के सामने आने के बाद कंपनी के ग्लोबल इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पोर्टफोलियो के भारत में विस्तार की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, Honda ने अभी तक UC3 को भारतीय बाजार में लॉन्च करने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। यह क्रूजर-स्टाइल इलेक्ट्रिक स्कूटर पहले से ही थाईलैंड और वियतनाम जैसे बाजारों में बिक्री के लिए उपलब्ध है।
होंडा यूसी3 (Honda UC3) को कंपनी के हाल में पेश किए गए QC3 से बड़ा इलेक्ट्रिक स्कूटर बताया जा रहा है। इसमें लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) बैटरी दी गई है, जो भारत में Honda के मौजूदा इलेक्ट्रिक स्कूटर QC1 और Activa e में उपयोग होने वाली NMC (Nickel Manganese Cobalt) बैटरी से अलग है। कंपनी के अनुसार, UC3 एक बार चार्ज करने पर अधिकतम 122 किलोमीटर की रेंज देने में सक्षम है।
परफॉर्मेंस की बात करें तो UC3 में 6kW पीक आउटपुट देने वाली इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है। इसकी टॉप स्पीड 120kmph बताई गई है। इस प्रदर्शन के साथ यह Honda के मौजूदा भारतीय इलेक्ट्रिक स्कूटरों की तुलना में अधिक पावरफुल मॉडल होगा। स्कूटर में Standard, Sport और Econ सहित तीन राइडिंग मोड दिए गए हैं। इसके अलावा रिवर्स मोड भी मिलता है।
चार्जिंग के लिए UC3 में 450W का स्टैंडर्ड चार्जर दिया गया है, जिससे बैटरी को 20 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 5 घंटे लगते हैं। वहीं, 1,200W के फास्ट चार्जर के साथ यही चार्जिंग समय घटकर करीब 2 घंटे रह जाता है।
डिजाइन की बात करें तो Honda UC3 में क्रूजर से प्रेरित डिजाइन दिया गया है। इसका कर्ब वेट 129 किलोग्राम और सीट की ऊंचाई 779mm है। स्कूटर में आगे और पीछे दोनों तरफ 12-इंच के व्हील्स मिलते हैं। इसके अलावा इसमें 26 लीटर का अंडरसीट स्टोरेज दिया गया है, जिससे रोजमर्रा के इस्तेमाल में अतिरिक्त उपयोगिता मिलती है।
फीचर्स की बात करें तो UC3 में 5-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जिसके जरिए राइडिंग मोड और अन्य सेटिंग्स को कॉन्फिगर किया जा सकता है। LFP बैटरी, ज्यादा टॉप स्पीड और बड़े आकार के कारण यह स्कूटर Honda के मौजूदा इलेक्ट्रिक मॉडल्स से अलग पोजिशनिंग रख सकता है।
हालांकि, भारत में UC3 के लॉन्च को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। भारत में पेटेंट फाइल करना मुख्य रूप से कंपनी की बौद्धिक संपदा और डिजाइन को सुरक्षित रखने का कदम है और इससे यह जरूरी नहीं है कि स्कूटर को जल्द ही भारतीय बाजार में उतारा जाएगा। होंडा (Honda) ने भारत के लिए पहले ही QC3 इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश किया है। यूसी3 (UC3) को भारत में लॉन्च करने का फैसला बाजार की मांग, प्रोडक्ट पोजिशनिंग और कंपनी की व्यापक इलेक्ट्रिक व्हीकल रणनीति पर निर्भर करेगा।