क्या भारतीय विश्वविद्यालय छात्रों को विदेश भेजे बिना वैश्विक करियर के अवसर दे सकते हैं?

क्या भारतीय विश्वविद्यालय छात्रों को विदेश भेजे बिना वैश्विक करियर के अवसर दे सकते हैं?

क्या भारतीय विश्वविद्यालय छात्रों को विदेश भेजे बिना वैश्विक करियर के अवसर दे सकते हैं?
भारतीय विश्वविद्यालयों के पास ऐसी शिक्षा और अवसर विकसित करने की क्षमता है, जिनकी मदद से छात्र देश में रहकर भी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों, कारोबार और उभरते वैश्विक बाजारों में अपना करियर बना सकते हैं।


इसके लिए विश्वविद्यालयों को उद्योगों से जुड़ी शिक्षा, व्यावहारिक अनुभव और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी पर ध्यान देना होगा:- 

दुनिया के कई प्रभावशाली करियर की शुरुआत भारतीय कक्षाओं से हुई है। भारतीय संस्थानों से पढ़ाई करने वाले कई छात्र आगे चलकर वैश्विक कंपनियों का नेतृत्व कर चुके हैं, विभिन्न उद्योगों को नई दिशा दी है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने कारोबार स्थापित किए हैं। उनकी यात्राएं बताती हैं कि भारत में प्राप्त शिक्षा भी दुनिया में आगे बढ़ने के रास्ते खोल सकती है। भारतीय विश्वविद्यालयों को इस संभावना को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने की जरूरत है।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) और भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम) से पढ़े कई छात्रों ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों, निवेश बैंकों और कंसल्टिंग कंपनियों में अपना करियर बनाया है। इनमें से कुछ मुख्य कार्यकारी अधिकारी बने हैं, जबकि कई अन्य अलग-अलग देशों में कारोबार का नेतृत्व कर रहे हैं और नई तकनीकों के विकास में योगदान दे रहे हैं। आईआईएम अहमदाबाद के पूर्व छात्र अजय बंगा इसका एक प्रमुख उदाहरण हैं, जिन्होंने आगे चलकर मास्टरकार्ड का नेतृत्व किया। उनकी उपलब्धियां वर्षों की पढ़ाई और अनुभव का परिणाम हैं, लेकिन यह भी दिखाती हैं कि वैश्विक करियर बनाने के लिए विदेशी डिग्री ही पहली जरूरत नहीं है।

वैश्विक करियर के अवसरों को अधिक युवाओं तक पहुंचाना जरूरी

भारतीय विश्वविद्यालयों के सामने सबसे बड़ी चुनौती ऐसे अवसरों को बड़े स्तर पर उपलब्ध कराने की है। हालांकि, भारतीय प्रतिभाओं के लिए वैश्विक दक्षिण (ग्लोबल साउथ) के देशों, खासकर अफ्रीका में भी नए अवसर तेजी से उभर सकते हैं।

अफ्रीकी देशों और अन्य उभरती अर्थव्यवस्थाओं में सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, भरोसेमंद ऊर्जा, वित्तीय सेवाओं, खाद्य प्रसंस्करण और डिजिटल बुनियादी ढांचे की मांग बढ़ रही है। इन जरूरतों को पूरा करने के लिए ऐसे उद्यमियों, इंजीनियरों, शोधकर्ताओं और प्रबंधकों की जरूरत है, जो जटिल परिस्थितियों में काम कर सकें और नए समाधान विकसित कर सकें।

भारत के पास इस क्षेत्र में उपयोगी अनुभव है। भारतीय कंपनियों ने बड़ी आबादी को कम कीमत पर सेवाएं देना, सीमित बुनियादी सुविधाओं के बीच काम करना और अलग-अलग भाषाओं एवं जरूरतों वाले ग्राहकों तक पहुंचना सीखा है। स्थानीय परिस्थितियों की समझ के साथ ये अनुभव दूसरे देशों में भी उपयोगी साबित हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, केन्या, नाइजीरिया और दक्षिण अफ्रीका में अलग-अलग संस्थागत व्यवस्थाएं, कारोबारी माहौल और ग्राहकों की अपेक्षाएं हैं। विश्वविद्यालयों को छात्रों को स्थानीय प्रतिभाओं के साथ काम करने, उद्यमियों से सीखने और ऐसी साझेदारी विकसित करने के लिए तैयार करना चाहिए, जिससे सभी को लाभ मिले। वैश्विक करियर में नेतृत्व करने के साथ-साथ दूसरों की बात सुनने और समझने की क्षमता भी जरूरी है।

भारत में रहकर अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने के रास्ते

भारतीय विश्वविद्यालय कई ऐसे रास्ते तैयार कर सकते हैं, जिनकी शुरुआत देश में रहकर ही हो सकती है और जो छात्रों को अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए तैयार कर सकते हैं।

पहला रास्ता : भारत में काम कर रही वैश्विक कंपनियों के माध्यम से है। इन कंपनियों की भारतीय टीमें छात्रों को अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों, सहकर्मियों, तकनीकों और काम करने के वैश्विक मानकों से परिचित कराती हैं। नैसकॉम के अनुमान के अनुसार, वित्त वर्ष 2024 में भारत के ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) में 19 लाख से अधिक लोग कार्यरत थे। यह इस क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का बड़ा उदाहरण है।

बेंगलुरु या हैदराबाद में काम करने वाले युवा ऐसे उत्पादों के विकास में योगदान दे सकते हैं, जिनका इस्तेमाल पूरी दुनिया में होता है। वे अंतरराष्ट्रीय शोध टीमों का हिस्सा बन सकते हैं या अलग-अलग देशों के वित्तीय फैसलों में सहयोग कर सकते हैं। विश्वविद्यालयों को केवल बहुराष्ट्रीय कंपनियों के नाम और कैंपस प्लेसमेंट पर ध्यान देने के बजाय यह समझना चाहिए कि वहां छात्रों को किस तरह का काम मिलेगा और आगे बढ़ने के कितने अवसर होंगे। कंपनियों के साथ साझेदारी के जरिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही पाठ्यक्रम और व्यावहारिक परियोजनाओं को बेहतर बनाया जाना चाहिए।

दूसरा रास्ता : भारतीय बहुराष्ट्रीय कंपनियां हैं। जैसे-जैसे भारतीय कंपनियां विदेशों में अपना कारोबार बढ़ा रही हैं, उन्हें ऐसे कर्मचारियों की जरूरत है, जो कंपनी के कामकाज को समझते हों और नए बाजारों के अनुसार खुद को ढाल सकें। विश्वविद्यालय इन कंपनियों के साथ मिलकर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार कर सकते हैं, जिनमें तकनीकी शिक्षा, भाषा का ज्ञान, संबंधित देश की जानकारी और अनुभवी लोगों के मार्गदर्शन में काम करने का अवसर शामिल हो। छात्र भारत में इंटर्नशिप से शुरुआत करके बाद में किसी अंतरराष्ट्रीय परियोजना की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं। इस तरह उनकी शिक्षा और करियर की पहली शुरुआत भारत से ही हो सकती है।

तीसरा रास्ता : उद्यमिता है। छात्रों को भारत के बाहर के ग्राहकों और उनकी जरूरतों को समझने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उदाहरण के लिए, सस्ती जांच मशीनें, कृषि तकनीक या ऑनलाइन शिक्षा से जुड़े सॉफ्टवेयर बनाने वाला कोई स्टार्टअप दूसरे उभरते बाजारों में भी अपने अवसर तलाश सकता है। इसके लिए छात्रों को ग्राहकों से बातचीत करनी होगी और वास्तविक जरूरतों के आधार पर अपने विचारों को परखना होगा। विश्वविद्यालयों के इनक्यूबेशन सेंटर ऐसे युवा उद्यमियों को विदेशी विशेषज्ञों, वितरकों, शोधकर्ताओं और संभावित ग्राहकों से जोड़ सकते हैं। छोटे स्तर पर शुरू की गई परियोजनाओं से छात्रों को कीमत तय करने, भुगतान, बिक्री के बाद सेवाएं देने और स्थानीय साझेदारी बनाने का व्यावहारिक अनुभव मिल सकता है।

वैश्विक करियर के लिए विश्वविद्यालयों को विकसित करनी होंगी चार क्षमताएं

ऐसे अवसर तैयार करने के लिए विश्वविद्यालयों को अपनी शिक्षा व्यवस्था में बदलाव करना होगा। छात्रों में मुख्य रूप से चार क्षमताओं का विकास करना जरूरी है।

पहली, क्षमता उद्यमिता की सोच है : छात्रों को वास्तविक समस्याओं की पहचान करना, ग्राहकों की जरूरतों को समझना, उपयोगी समाधान तैयार करना और टिकाऊ कारोबार विकसित करना सिखाया जाना चाहिए। वित्तीय प्रबंधन, टीम बनाना, साझेदारी पर बातचीत करना और अनिश्चित परिस्थितियों में सही फैसले लेना भी जरूरी कौशल हैं।

दूसरी, क्षमता मजबूत तकनीकी और विषय संबंधी ज्ञान है : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर बनाने के लिए केवल बड़े लक्ष्य रखना काफी नहीं है। इंजीनियरों को डिजाइन और परीक्षण करना आना चाहिए। डेटा साइंटिस्ट को डेटा की सही समझ और एआई मॉडल की सीमाओं की जानकारी होनी चाहिए। इसी तरह बायोटेक्नोलॉजी के छात्रों को प्रयोगशाला में काम करने का अच्छा अनुभव होना चाहिए। इसके लिए बेहतर प्रयोगशालाओं, शोध के अवसरों और अपने क्षेत्र से जुड़े शिक्षकों की जरूरत है। किसी छात्र का तैयार किया गया प्रोटोटाइप या शोध प्रोजेक्ट कई बार उसकी डिग्री के नाम से ज्यादा प्रभावी साबित हो सकता है।

तीसरी, क्षमता अलग-अलग संस्कृतियों को समझने की है : विभिन्न देशों में काम करने के लिए बातचीत करने, समझौते करने, मतभेद सुलझाने और भरोसेमंद संबंध बनाने के अलग-अलग तरीकों को समझना जरूरी है। केवल अंग्रेजी भाषा का ज्ञान पर्याप्त नहीं है। छात्रों को दूसरे देशों के इतिहास, संस्कृति और विचारों को समझने का अवसर मिलना चाहिए। उन्हें दूसरी भाषाएं सीखने और अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोगों के साथ काम करने का अनुभव भी दिया जाना चाहिए। विदेशी विश्वविद्यालयों के साथ ऑनलाइन संयुक्त परियोजनाएं और भारतीय कैंपस में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के साथ काम करने के अवसर इस दिशा में मददगार हो सकते हैं।

चौथी, क्षमता अलग-अलग देशों के कानूनी और संस्थागत नियमों की व्यावहारिक समझ है : हर देश में अनुबंध, रोजगार नियम, बौद्धिक संपदा, टैक्स और डेटा से जुड़े नियम अलग-अलग होते हैं। प्रत्येक छात्र का कानूनी विशेषज्ञ बनना जरूरी नहीं है, लेकिन उसे संभावित कानूनी चुनौतियों को पहचानना, सही सवाल पूछना और जरूरत पड़ने पर स्थानीय विशेषज्ञों की सलाह लेना आना चाहिए।

अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को वास्तविक अवसरों में बदलना होगा

विश्वविद्यालय इन चारों क्षमताओं को उद्योग और देश विशेष से जुड़ी परियोजनाओं के माध्यम से विकसित कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, छात्रों की एक टीम यह अध्ययन कर सकती है कि केन्या में कम कीमत वाले मेडिकल उपकरणों को ग्राहकों तक कैसे पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए उन्हें स्थानीय जरूरतों, वितरण व्यवस्था, संस्कृति और नियमों को समझने के साथ वहां के साझेदारों के साथ काम करना होगा।

ऐसी शिक्षा व्यवस्था तैयार करने के लिए निवेश और जवाबदेही दोनों जरूरी हैं। विश्वविद्यालयों को सही साझेदारों का चयन करना चाहिए, शिक्षकों के बीच सहयोग बढ़ाना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं का अवसर केवल कुछ चुनिंदा या आर्थिक रूप से सक्षम छात्रों तक सीमित नहीं रखना चाहिए। छात्रवृत्ति, साझा डिजिटल कक्षाओं और कंपनियों के सहयोग से अधिक युवाओं को इन अवसरों से जोड़ा जा सकता है। विश्वविद्यालयों को छात्रों के वास्तविक कौशल, काम के अनुभव और करियर में हुई प्रगति के आधार पर इन कार्यक्रमों के परिणामों का मूल्यांकन करना चाहिए।

आईआईटी और आईआईएम की भूमिका आगे भी महत्वपूर्ण बनी रहेगी, लेकिन भारत में प्रतिभाओं की बड़ी संख्या और वैश्विक बाजारों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए अन्य विश्वविद्यालयों को भी आगे आना होगा। निजी विश्वविद्यालय अपनी विशेष पहचान बना सकते हैं, कंपनियों की जरूरतों के अनुसार शिक्षा कार्यक्रम तैयार कर सकते हैं और ग्लोबल साउथ के देशों के साथ लंबे समय तक चलने वाली साझेदारी विकसित कर सकते हैं। केवल समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर करने या किसी पाठ्यक्रम के नाम में 'इंटरनेशनल' जोड़ने से यह लक्ष्य हासिल नहीं होगा।

विश्वविद्यालयों को छात्रों और उनके परिवारों के सामने वास्तविक स्थिति भी स्पष्ट रखनी चाहिए। वैश्विक करियर के अवसर व्यक्ति के प्रदर्शन, कंपनियों की जरूरतों और संबंधित पदों की योग्यता पर निर्भर करते हैं। विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे छात्रों को मजबूत शिक्षा, कंपनियों तक विश्वसनीय पहुंच और करियर बनाने के दौरान सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं।

इससे परिवारों को भारत में रहकर ही ऐसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकती है, जो छात्रों को वैश्विक स्तर पर काम करने के लिए जरूरी कौशल और संपर्क उपलब्ध कराए। वहीं, कंपनियों को भी ऐसे प्रतिभाशाली युवा मिलेंगे, जो अलग-अलग देशों और बाजारों में काम करने के लिए तैयार होंगे।

भारतीय विश्वविद्यालयों के पास देश की प्रतिभाओं को वैश्विक जरूरतों से जोड़ने का बड़ा अवसर है। मजबूत शिक्षा, व्यावहारिक अनुभव और वास्तविक परिणाम देने वाली साझेदारी के माध्यम से छात्र भारत की किसी कक्षा से अपनी यात्रा शुरू करके दुनिया भर में ऐसा करियर बना सकते हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दे।


(लेखक: प्रो. अतुल खोसला, संस्थापक एवं कुलपति, Shoolini University; लेख में व्यक्त विचार लेखक के निजी हैं।)

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities