एजुकेशन और वर्कफोर्स डेवलपमेंट कंपनी upGrad ने अपने एंटरप्राइज बिजनेस का विस्तार करते हुए upGrad Next लॉन्च किया है। यह एक नई एंटरप्राइज एडवाइजरी प्रैक्टिस है, जिसके तहत कंपनियों को संगठनात्मक बदलाव, कर्मचारियों की स्किलिंग और टैलेंट हायरिंग से जुड़ी सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य कंपनियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कार्यक्षेत्र के लिए तैयार करना और टेक्नोलॉजी के साथ कर्मचारियों की क्षमताओं को भी विकसित करना है।
upGrad Next का नेतृत्व ग्लोबल कंसल्टिंग फर्मों में काम कर चुके वरिष्ठ कंसल्टिंग लीडर्स करेंगे। कंपनी ने शुरुआत में चार मैनेजिंग डायरेक्टर्स की नियुक्ति की है। आने वाले कुछ हफ्तों में अन्य वरिष्ठ पार्टनर्स भी इस टीम से जुड़ेंगे। कंपनी के अनुसार, भारत में प्रमुख कंसल्टिंग फर्मों के पार्टनर्स द्वारा वर्कफोर्स और HR एडवाइजरी प्रैक्टिस स्थापित करने की यह एक अलग पहल है।
AI के दौर में संगठनात्मक बदलाव पर जोर
कंपनी के मुताबिक, भारतीय कंपनियों में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन संगठनों के लिए अपने ऑपरेटिंग मॉडल को नए सिरे से तैयार करना और कर्मचारियों को AI आधारित कार्यप्रणाली के अनुरूप प्रशिक्षित करना अब भी बड़ी चुनौती है। पारंपरिक कंसल्टिंग मॉडल में टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म या एनालिस्ट की बड़ी टीमों के जरिए समस्याओं का समाधान किया जाता रहा है। हालांकि, केवल टेक्नोलॉजी अपनाने से कर्मचारियों के काम करने के तरीके में जरूरी बदलाव नहीं आता।
इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए upGrad Next को तैयार किया गया है। इसके तहत कंपनी के वरिष्ठ लीडर्स संगठनों के शीर्ष नेतृत्व यानी C-suite को संगठनात्मक और संरचनात्मक बदलावों पर सलाह देंगे। वहीं, upGrad का मौजूदा एजुकेशन और वर्कफोर्स डेवलपमेंट नेटवर्क कर्मचारियों की री-स्किलिंग, लीडरशिप डेवलपमेंट और हायरिंग में सहयोग करेगा।
FY26 में 700 से अधिक कंपनियों के साथ काम
upGrad के अनुसार, कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में 700 से अधिक एंटरप्राइजेज के साथ काम किया। upGrad Next इसी मौजूदा नेटवर्क और क्षमताओं का इस्तेमाल करते हुए कंपनियों को एडवाइजरी से लेकर कर्मचारियों की ट्रेनिंग और टैलेंट हायरिंग तक एकीकृत सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
इस पहल के जरिए कंपनी का फोकस केवल संगठनों को सलाह देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उन बदलावों को लागू करने के लिए जरूरी स्किलिंग और टैलेंट उपलब्ध कराने पर भी होगा। इसका उद्देश्य कंपनियों को AI और टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से मिलने वाले व्यावसायिक लाभ हासिल करने में मदद करना है।
रॉनी स्क्रूवाला ने बताई नई पहल की जरूरत
upGrad के को-फाउंडर एवं चेयरपर्सन रॉनी स्क्रूवाला ने कहा कि पिछला दशक संगठनों के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन पर केंद्रित रहा, जबकि आने वाले दशक में वर्कफोर्स को बदलना और टेक्नोलॉजी से बेहतर परिणाम हासिल करना महत्वपूर्ण होगा।
उन्होंने कहा कि अब एडवाइजरी, बड़े स्तर पर कर्मचारियों की स्किलिंग और AI एवं टेक्नोलॉजी के जरिए उन्हें सक्षम बनाने की सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की जरूरत है। upGrad Next इसी सोच के साथ शुरू किया गया है।
upGrad Next के मैनेजिंग डायरेक्टर आनंदोरूप घोष ने कहा कि आने वाले दशक में सफलता केवल तेजी से टेक्नोलॉजी अपनाने वाली कंपनियों को नहीं मिलेगी, बल्कि उन संगठनों को मिलेगी जो अपने कर्मचारियों की क्षमताओं का बेहतर इस्तेमाल कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य भारत में विकसित एक ऐसा संस्थान बनाना है, जो अपने काम के परिणामों के लिए जवाबदेह रहे।
चार वरिष्ठ कंसल्टिंग लीडर्स संभालेंगे जिम्मेदारी
upGrad Next की नेतृत्व टीम में HR, ऑर्गनाइजेशन डिजाइन, वर्कफोर्स प्रोडक्टिविटी और बिजनेस स्ट्रैटेजी का अनुभव रखने वाले चार वरिष्ठ पेशेवर शामिल हैं।
आनंदोरूप घोष (Andy): HR और रिवॉर्ड्स कंसल्टिंग में 24 साल से अधिक का अनुभव रखते हैं। वह पहले Deloitte में पार्टनर थे, जहां उन्होंने भारत में रिवॉर्ड्स कंसल्टिंग प्रैक्टिस स्थापित करने के साथ इसका वैश्विक नेतृत्व भी किया।
हृषिकेश गोडबोले : EY, GE और Godrej में कंसल्टिंग और कॉर्पोरेट लीडरशिप का लगभग दो दशक का अनुभव रखते हैं। वह EY में पार्टनर रह चुके हैं और भारत, दक्षिण-पूर्व एशिया, मध्य पूर्व तथा यूरोप में कंपनियों को ऑर्गनाइजेशन डिजाइन से जुड़े मामलों पर सलाह देते रहे हैं।
कृष्णा चैतन्य (केसी) मल्लादी : Deloitte की ह्यूमन कैपिटल कंसल्टिंग प्रैक्टिस में पार्टनर रह चुके हैं। उन्हें 17 साल का अनुभव है और वह ऑर्गनाइजेशन डिजाइन, वर्कफोर्स प्रोडक्टिविटी तथा रिवॉर्ड्स से जुड़े क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखते हैं।
दिनकर पवन : अर्थशास्त्र की पृष्ठभूमि वाले Pawan का अनुभव HR कंसल्टिंग, मैक्रोइकोनॉमिक रिसर्च और बिजनेस स्ट्रैटेजी में है। वह Deloitte की ह्यूमन कैपिटल प्रैक्टिस में प्रमोटर्स, बोर्ड और कंपनियों की कंपनसेशन कमेटियों को लीडरशिप परफॉर्मेंस, रिवॉर्ड्स और गवर्नेंस से जुड़े मामलों में सलाह दे चुके हैं।
परिणाम-केंद्रित एंटरप्राइज एडवाइजरी प्रैक्टिस का निर्माण
upGrad Next के माध्यम से कंपनी का लक्ष्य एंटरप्राइज वर्कफोर्स डेवलपमेंट के क्षेत्र में अपनी स्थिति को और मजबूत करना है। इसके लिए कंपनी बिजनेस एडवाइजरी को व्यावहारिक टैलेंट और स्किलिंग सॉल्यूशंस के साथ जोड़ने पर ध्यान देगी। संगठनात्मक परामर्श, कर्मचारियों के विकास और नियुक्तियों को अलग-अलग कार्यों के रूप में देखने के बजाय, यह नई प्रैक्टिस इन सभी क्षमताओं को एक साथ लाएगी, ताकि बदलाव की प्रक्रिया के दौरान व्यवसायों को बेहतर सहयोग मिल सके।
कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले कुछ सप्ताहों में कई अन्य वरिष्ठ पार्टनर भी इस प्रैक्टिस से जुड़ेंगे, जिससे इसकी नेतृत्व क्षमता और एडवाइजरी सेवाओं का और विस्तार होगा। इस पहल के माध्यम से अपग्रेड का लक्ष्य संगठनों को एआई आधारित अर्थव्यवस्था की बदलती जरूरतों के अनुरूप अपने कर्मचारियों, नेतृत्व टीमों और संचालन मॉडल को तैयार करने में मदद करना है।