Anthropic के भारतीय मूल के Chief Financial Officer (CFO) कृष्णा राव की कंपनी में हिस्सेदारी का मूल्य करीब 703 मिलियन डॉलर (लगभग ₹6,600 करोड़) पहुंच गया है। कंपनी की ओर से प्रस्तावित IPO मूल्य के आधार पर उनकी 95 लाख शेयरों की हिस्सेदारी का यह अनुमान लगाया गया है।
अमेरिकी Securities and Exchange Commission (SEC) में 10 नवंबर को दाखिल कंपनी के रजिस्ट्रेशन स्टेटमेंट के अनुसार, 30 सितंबर 2026 तक कृष्णा राव के पास 94.97 लाख शेयर थे। प्रस्तावित IPO का मूल्य प्रति शेयर 70 से 78 डॉलर के बीच रखा गया है। इस रेंज का मध्य मूल्य 74 डॉलर प्रति शेयर है। इसी आधार पर उनकी हिस्सेदारी की कुल कीमत करीब 703 मिलियन डॉलर आंकी गई है।
शुरुआती शेयर मूल्य से करीब 57 गुना अधिक हुई हिस्सेदारी की वैल्यू
यह अनुमान उनके शुरुआती इक्विटी शेयर के 1.30 डॉलर के संदर्भ मूल्य से करीब 57 गुना अधिक है। हालांकि, यह राशि प्रस्तावित IPO मूल्य के आधार पर निकाला गया अनुमान है, न कि उनकी वास्तविक कमाई या प्राप्त संपत्ति। कृष्णा राव IPO के दौरान अपने किसी भी शेयर को बेच नहीं रहे हैं।
Airbnb और Fanatics में भी निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारियां
कृष्णा राव ने वर्ष 2024 में Anthropic के CFO के रूप में पदभार संभाला था। इससे पहले वह Airbnb से जुड़े थे, जहां उन्होंने Global Head of Corporate and Business Development सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। Airbnb के IPO से जुड़ी प्रक्रिया में भी उनकी भूमिका रही है।
इसके अलावा, वह इससे पहले Fanatics Commerce में CFO के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। वित्तीय प्रबंधन और कंपनियों के विकास से जुड़े उनके अनुभव को Anthropic की मौजूदा IPO प्रक्रिया में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
IPO के जरिए 90.4 अरब डॉलर तक जुटाने की तैयारी
Anthropic की ओर से IPO और Private Placements के माध्यम से 90.4 अरब डॉलर तक जुटाने की योजना है। कंपनी का लक्ष्य इस प्रक्रिया के जरिए लगभग 1.4 ट्रिलियन डॉलर तक का वैल्यूएशन हासिल करना है।
इस IPO की तैयारी के तहत कृष्णा राव Morgan Stanley और Goldman Sachs की मेजबानी में आयोजित निवेशक बैठकों का नेतृत्व कर रहे हैं। इन बैठकों के जरिए कंपनी संभावित निवेशकों के सामने अपनी वित्तीय स्थिति और IPO से जुड़ी योजनाएं रख रही है।