एक्सेल एंटरटेनमेंट ने लॉन्च किया म्यूजिक लेबल, यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप के साथ की साझेदारी

एक्सेल एंटरटेनमेंट ने लॉन्च किया म्यूजिक लेबल, यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप के साथ की साझेदारी

एक्सेल एंटरटेनमेंट ने लॉन्च किया म्यूजिक लेबल, यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप के साथ की साझेदारी
एक्सेल एंटरटेनमेंट (Excel Entertainment), जिसकी स्थापना रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने की थी, ने अपना नया म्यूजिक लेबल Excel Music लॉन्च किया है। इसके साथ कंपनी ने म्यूजिक प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन के क्षेत्र में भी कदम रखा है।


इस म्यूजिक लेबल में यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप (UMG) रणनीतिक शेयरधारक के रूप में शामिल है और वही इसके मार्केटिंग एवं डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर की भूमिका भी निभाएगा। Excel Music की पहली पेशकश 'मिर्जापुर: द मूवी' का साउंडट्रैक एल्बम होगी। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। एल्बम का पहला गाना, जिसमें हरियाणवी गायक धांडा नजर आएंगे, उनके बॉलीवुड डेब्यू का प्रतीक होगा और इसे इसी सप्ताह रिलीज़ किया जाएगा।

Excel Music के तहत एक्सेल एंटरटेनमेंट की फिल्मों के ओरिजिनल साउंडट्रैक और बैकग्राउंड स्कोर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा यह लेबल भारत के अन्य फिल्म निर्माताओं और प्रोडक्शन हाउस के साथ भी मिलकर संगीत निर्माण और रिलीज़ का काम करेगा।

इस लॉन्च पर एक्सेल एंटरटेनमेंट के संस्थापक रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने कहा, "संगीत हमेशा हमारी रचनात्मक यात्रा का एक अहम हिस्सा रहा है। Excel Music की शुरुआत उसी जुनून का स्वाभाविक विस्तार है। हम बेहतरीन कलाकारों के साथ मिलकर ऐसा संगीत तैयार करना चाहते हैं, जो हर पीढ़ी के दर्शकों से जुड़ सके।"

यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप के भारत एवं दक्षिण एशिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सानुजीत भुजबल ने कहा, "एक्सेल एंटरटेनमेंट ने पिछले दो दशकों में अपनी दमदार कहानियों से हिंदी सिनेमा में खास पहचान बनाई है। Excel Music की शुरुआत में रणनीतिक साझेदार बनकर हमें खुशी है। यूनिवर्सल म्यूजिक के वैश्विक कलाकार नेटवर्क, प्रतिष्ठित म्यूजिक कैटलॉग और मजबूत मार्केटिंग एवं डिस्ट्रीब्यूशन क्षमता के जरिए हम Excel Music को भारत ही नहीं, दुनिया भर के श्रोताओं तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं।"


Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities