भारतीय उपभोक्ताओं के बीच मजबूत पहचान रखने वाले प्रतिष्ठित ब्रांड्स को फिर से विकसित करने की रणनीति के तहत एलएमएल ब्रांड होल्डिंग्स (LML Brand Holdings) ने ज्वेलरी ब्रांड्स Asmi और Sangini का अधिग्रहण किया है। इस अधिग्रहण के साथ कंपनी ने ब्रांडेड ज्वेलरी सेगमेंट में प्रवेश किया है। कंपनी की यह पहल उसके “Reimagining Legends” विजन का हिस्सा है, जिसके तहत पुराने और भरोसेमंद ब्रांड्स की विरासत को बनाए रखते हुए उन्हें नए दौर के उपभोक्ताओं के लिए विकसित किया जाता है।
आसमी (Asmi) ने भारत के प्रमुख डायमंड ज्वेलरी ब्रांड्स में अपनी पहचान बनाई है। ब्रांड ने महिलाओं को अपनी उपलब्धियों का जश्न मनाने और खुद के लिए डायमंड ज्वेलरी खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के साथ इसके चर्चित कैंपेन ने आसमी को आत्मविश्वास, व्यक्तिगत पहचान और आधुनिक महिला सशक्तिकरण से जोड़ने में मदद की। वहीं, Sangini ने रिश्तों और जीवन के खास पलों को सेलिब्रेट करने वाली ज्वेलरी के जरिए उपभोक्ताओं के बीच मजबूत भावनात्मक जुड़ाव बनाया। इसके अभियानों में सलमान खान और करीना कपूर की मौजूदगी ने ब्रांड की पहचान और पहुंच को मजबूत किया।
एलएमएल ब्रांड होल्डिंग्स (LML Brand Holdings) मजबूत उपभोक्ता पहचान वाले हेरिटेज ब्रांड्स को अपने पोर्टफोलियो में शामिल करती है और उन्हें लाइसेंसिंग मॉडल के जरिए आगे बढ़ाती है। इस मॉडल में कंपनी ब्रांड की विरासत और पहचान को संभालने पर ध्यान देती है, जबकि उसके लाइसेंसिंग पार्टनर्स प्रोडक्ट डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग, डिस्ट्रीब्यूशन, बिक्री और बाजार विस्तार की जिम्मेदारी संभालते हैं।
अधिग्रहण पर एलएमएल ब्रांड होल्डिंग्स के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. योगेश भाटिया ने कहा कि प्रतिष्ठित ब्रांड्स अपनी प्रासंगिकता नहीं खोते, बल्कि बदलती उपभोक्ता जरूरतों के साथ उन्हें विकसित करने के लिए सही विजन की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि आसमी और Sangini ने वर्षों से उपभोक्ताओं के साथ मजबूत भावनात्मक संबंध बनाया है और कंपनी उनकी विरासत को बनाए रखते हुए अगली पीढ़ी के उपभोक्ताओं के लिए नए अवसर तैयार करेगी।
यह अधिग्रहण एलएमएल ब्रांड होल्डिंग्स की विभिन्न कैटेगरी में प्रतिष्ठित भारतीय ब्रांड्स का पोर्टफोलियो तैयार करने की दीर्घकालिक रणनीति में एक और महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी मजबूत ब्रांड इक्विटी को आधुनिक बिजनेस पार्टनरशिप और कैटेगरी विशेषज्ञता के साथ जोड़कर आसमी और Sangini को बदलते उपभोक्ता बाजार में नए विकास के अवसर देने की योजना बना रही है।