शिक्षा मंत्रालय की पहल: स्पेशल नीड्स बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए ‘करियर कार्ड’ लॉन्च

शिक्षा मंत्रालय की पहल: स्पेशल नीड्स बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए ‘करियर कार्ड’ लॉन्च

शिक्षा मंत्रालय की पहल: स्पेशल नीड्स बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए ‘करियर कार्ड’ लॉन्च
देश में समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सचिव संजय कुमार ने 31 मार्च 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य भवन-2 में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए ‘करियर कार्ड’ लॉन्च किए।


यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति National Education Policy 2020 (NEP 2020) के तहत समावेशी करियर मार्गदर्शन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

सभी छात्रों को मिलेगा समान अवसर

यह पहल देशभर के सभी छात्रों, खासकर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CwSN) को करियर से जुड़ी जानकारी और मार्गदर्शन तक समान पहुंच देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इन करियर कार्ड्स को UNICEF India, NCERT (जिसमें CIET और PSSCIVE शामिल हैं), प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPwD) के सहयोग से तैयार किया गया है।

NEP 2020 के लक्ष्यों को मिलेगा बढ़ावा

कार्यक्रम के दौरान संजय कुमार ने बताया कि यह पहल NEP 2020 और राष्ट्रीय विद्यालय शिक्षा पाठ्यक्रम ढांचा (NCF-SE 2023) पर आधारित है। इसका उद्देश्य हर छात्र को, चाहे वह सामान्य हो या विशेष आवश्यकता वाला, अलग-अलग शिक्षा और करियर विकल्पों को समझने और चुनने में सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि भारत को एक ज्ञान-आधारित और समावेशी समाज बनाने के लिए हर छात्र को आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए।

स्कूल सिस्टम में सुधार की जरूरत पर जोर

सचिव ने कहा कि स्कूलों में विशेष बच्चों की पहचान, मूल्यांकन और निगरानी समय पर होनी चाहिए। साथ ही, शिक्षकों की ट्रेनिंग और संख्या बढ़ाना भी जरूरी है। इस दिशा में NCERT, SCERT और DIET मिलकर शिक्षकों के लिए विशेष ट्रेनिंग मॉड्यूल तैयार करेंगे, ताकि वे ऐसे बच्चों को बेहतर तरीके से पढ़ा सकें।

स्किल डेवलपमेंट पर खास फोकस

उन्होंने बताया कि स्किल डेवलपमेंट NEP 2020 का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार का लक्ष्य है कि 2030 तक 12वीं पास करने वाले हर छात्र के पास कम से कम एक जरूरी स्किल हो। इस दिशा में PSSCIVE महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, खासकर विशेष जरूरत वाले बच्चों के लिए कौशल विकास को बढ़ावा देने में।

करियर कार्ड कैसे करेंगे मदद?

ये करियर कार्ड छात्रों को अलग-अलग करियर विकल्पों के बारे में शुरुआती जानकारी देंगे। हर कार्ड में नौकरी की भूमिका, जिम्मेदारियां, जरूरी योग्यता और आगे के करियर के रास्तों के बारे में आसान भाषा में जानकारी दी गई है। इससे छात्र अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही निर्णय ले सकेंगे।

ये कार्ड सिर्फ छात्रों के लिए ही नहीं, बल्कि शिक्षकों और काउंसलर्स के लिए भी एक महत्वपूर्ण टूल हैं। इनके जरिए वे छात्रों को उनकी पढ़ाई और करियर की बेहतर योजना बनाने में मदद कर सकेंगे। कार्ड्स को आसान, आकर्षक और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है, ताकि हर छात्र इन्हें आसानी से समझ सके।

इससे पहले NCERT और UNICEF ने 29 जुलाई 2024 को अखिल भारतीय शिक्षा समागम में 500 करियर कार्ड्स वाली एक गाइड बुक लॉन्च की थी। अब इस पहल को आगे बढ़ाते हुए लगभग 150 करियर कार्ड्स को विशेष रूप से दिव्यांग छात्रों के लिए तैयार किया गया है।

ब्रेल और समावेशी फॉर्मेट में उपलब्ध होंगे कार्ड

इन नए करियर कार्ड्स को इस तरह डिजाइन किया गया है कि वे सभी के लिए सुलभ हों। खास बात यह है कि ये कार्ड अब ब्रेल फॉर्मेट में भी उपलब्ध होंगे, जिससे दृष्टिबाधित छात्र भी आसानी से इनका उपयोग कर सकेंगे।

शिक्षा और समावेशिता की दिशा में बड़ा कदम

यह पहल दिखाती है कि सरकार शिक्षा को अधिक समावेशी और सुलभ बनाने के लिए गंभीर है। इससे न सिर्फ विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा, बल्कि वे भी देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे। आने वाले समय में यह पहल शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।


Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities