ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) ने गुरुवार को अपना नया S1Z इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किया है। यह कंपनी का पहला ऐसा इलेक्ट्रिक स्कूटर है, जिसमें पूरी तरह भारत में विकसित और निर्मित बैटरी सेल का उपयोग किया गया है। S1Z को दो वेरिएंट में पेश किया गया है। इसके 3.1 kWh वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 79,999 और 5.1 kWh वेरिएंट की कीमत 99,999 है। कंपनी ने इसे भारतीय टू-व्हीलर बाजार के बड़े और कीमत-संवेदनशील ग्राहक वर्ग को ध्यान में रखकर पेश किया है।
S1Z में उपयोग होने वाली बैटरी सेल Ola के ‘Bharat Cell’ प्लेटफॉर्म का हिस्सा हैं। ये 46-सीरीज लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) सेल हैं, जिन्हें कंपनी ने बेंगलुरु स्थित बैटरी इनोवेशन सेंटर में विकसित किया है और तमिलनाडु स्थित गीगाफ़ैक्ट्री (Gigafactory) में तैयार किया जाता है। एलएपपी (LFP) बैटरी को एनएमसी (NMC) सेल की तुलना में बेहतर थर्मल स्थिरता और लंबी साइकल लाइफ के लिए जाना जाता है। कंपनी के अनुसार, इसकी केमिस्ट्री थर्मल रनअवे के जोखिम को कम करने में भी मदद कर सकती है।
रेंज की बात करें तो S1Z का 3.1 kWh वेरिएंट 179 किलोमीटर तक की IDC रेंज देती है, जबकि 5.1 kWh वेरिएंट की गई रेंज 301 किलोमीटर तक है। इलेक्ट्रिक वाहन की कुल कीमत में बैटरी की लागत एक बड़ा हिस्सा होती है। ऐसे में ओला इलेक्ट्रिक का सेल डेवलपमेंट और मैन्युफैक्चरिंग को इन-हाउस करने का लक्ष्य बैटरी लागत को कम करना और इसका लाभ ग्राहकों तक पहुंचाना है।
एस1जेड (S1Z) को कंपनी के MoveOS 5 सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म के साथ पेश किया गया है। इसमें क्रूज कंट्रोल, एडवांस्ड रीजनरेटिव ब्रेकिंग, रिवर्स मोड, GPS नेविगेशन और ओवर-द-एयर (OTA) सॉफ्टवेयर अपडेट जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा, जियो, टाइम और मोड फेंसिंग फीचर के जरिए उपयोगकर्ता यह तय कर सकते हैं कि स्कूटर का उपयोग कहां, कब और किस मोड में किया जा सकेगा।
स्कूटर में ‘Easy Park’ फीचर भी दिया गया है, जो तंग पार्किंग जगहों में कम स्पीड पर स्कूटर को आसानी से चलाने में मदद करता है। इसके अलावा, राइड स्टैटिस्टिक्स और एनर्जी यूसेज डेटा Ola Electric ऐप के जरिए देखा जा सकता है। S1Z को 12-इंच व्हील्स के साथ चार रंगों—White, Anthracite, Sky Splash Blue और Matcha Green—में पेश किया गया है।
कंपनी के अनुसार, 3.1 kWh वेरिएंट की डिलीवरी दिसंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि 5.1 kWh वेरिएंट की डिलीवरी मार्च 2027 में शुरू की जाएगी। S1Z की लॉन्चिंग Ola Electric की रिटेल रणनीति में भी बदलाव का संकेत देती है। यह कंपनी का पहला मॉडल होगा, जिसे डीलर-ऑपरेटेड स्टोर्स के जरिए बेचा जाएगा। इससे पहले कंपनी मुख्य रूप से अपने कंपनी-स्वामित्व वाले रिटेल नेटवर्क पर निर्भर थी।
ओला इलेक्ट्रिक का लक्ष्य इस नए डीलर नेटवर्क के जरिए देश के छोटे शहरों और कस्बों तक अपनी पहुंच बढ़ाना है। कंपनी इलेक्ट्रिक वाहन के कच्चे माल और बैटरी सेल से लेकर तैयार वाहन तक सप्लाई चेन को अधिक से अधिक इन-हाउस करने की रणनीति पर काम कर रही है। हालांकि, भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में TVS, Bajaj और एथर (Ather) जैसे खिलाड़ियों की बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच S1Z की कीमत, रेंज और स्थानीय स्तर पर निर्मित बैटरी सेल कंपनी को बाजार में कितना फायदा पहुंचाते हैं, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।