Pronto की फाउंडर अंजलि सरदाना की फिजिकल AI वेंचर Provision Labs ने मुंबई स्थित हार्डवेयर स्टार्टअप Basilisk Industries का अधिग्रहण किया है। हालांकि, इस सौदे की राशि का खुलासा नहीं किया गया है। सरदाना ने LinkedIn पोस्ट के जरिए इस अधिग्रहण की जानकारी दी।
Basilisk Industries के फाउंडर शौर्य वाटवानी अब Provision Labs में हार्डवेयर से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही वह कंपनी के इन-हाउस पोस्ट-प्रोसेसिंग मॉडल्स पर भी काम करेंगे।
सरदाना के अनुसार, वाटवानी और उनकी टीम ने पहले ही 3D हैंड-ट्रैकिंग मॉडल विकसित किया है। इसके अलावा, टीम ने Provision के परसेप्शन हार्डवेयर को नए सिरे से डिजाइन किया है और टच डेटा रिकॉर्ड करने के लिए हल्के टैक्टाइल ग्लव का शुरुआती वर्जन भी तैयार किया है।
फिजिकल AI सिस्टम के लिए डेटा जुटाएगी Provision Labs
अंजलि सरदाना ने हाल ही में सैन फ्रांसिस्को स्थित Provision Labs की शुरुआत की थी। यह कंपनी फिजिकल AI सिस्टम को ट्रेनिंग देने और उनकी टेस्टिंग के लिए डेटा जुटाने पर काम करती है।
फिजिकल AI ऐसे सिस्टम को कहा जाता है, जो रोबोट और अन्य मशीनों के जरिए वास्तविक दुनिया में काम कर सकते हैं। इन सिस्टम्स को अलग-अलग परिस्थितियों में काम करने के लिए प्रशिक्षित करने और उनकी क्षमता जांचने में डेटा की अहम भूमिका होती है।
Pronto के पायलट प्रोजेक्ट पर उठे थे प्राइवेसी से जुड़े सवाल
Provision Labs की शुरुआत से पहले Pronto के एक पायलट प्रोजेक्ट को लेकर प्राइवेसी, सहमति और डेटा स्टोरेज से जुड़े सवाल उठे थे। इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत घरों में सफाई, बर्तन धोने और कपड़े तह करने जैसे काम करने वाले सर्विस प्रोफेशनल्स को कैमरे पहनाए गए थे।
इस पर Pronto ने स्पष्ट किया था कि ग्राहकों को बुकिंग के समय इस प्रक्रिया के लिए अपनी सहमति देनी होती थी। कंपनी के अनुसार, इस पायलट प्रोजेक्ट में उसके कुल यूजर्स में से 0.01 प्रतिशत से भी कम लोग शामिल थे।
Pronto ने यह भी कहा था कि यह प्रक्रिया भारत के Digital Personal Data Protection (DPDP) Act के अनुरूप थी और रिकॉर्ड किए गए वीडियो फुटेज को किसी थर्ड-पार्टी AI लैब के साथ साझा नहीं किया जाएगा।