ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ACMA) ने ब्रेक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीराम विजी को 2026-27 कार्यकाल के लिए President नियुक्त किया है। वहीं, ANAND Group और Gabriel India की एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन अंजलि सिंह को President-Designate बनाया गया है।
ACMA के डायरेक्टर जनरल विनी मेहता ने कहा, “इन दोनों के पास इंडस्ट्री का लंबा अनुभव और रणनीतिक सोच है, जो भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और तेजी से बदलते मोबिलिटी क्षेत्र के बीच ACMA का मार्गदर्शन करेगी। उनका नेतृत्व सरकार और इंडस्ट्री पार्टनर्स के साथ हमारे संबंधों को मजबूत करेगा। साथ ही, सप्लाई चेन में विविधता लाने, जरूरी कच्चे माल तक पहुंच बेहतर करने और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने में मदद करेगा।”
ACMA के President श्रीराम विजी ने कहा, “भारत वैश्विक ऑटोमोटिव वैल्यू चेन में एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है और ऐसे समय में ACMA का नेतृत्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमारी प्राथमिकता स्थानीय क्षमताओं को मजबूत करना और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी, रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) और इनोवेशन में निवेश को तेजी देना होगी। इसके साथ ही पूरी इंडस्ट्री में सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा देना भी हमारी प्राथमिकता रहेगी।”
ACMA से जुड़े हैं 1,064 से अधिक ऑटो कंपोनेंट निर्माता
ACMA 1,064 से अधिक ऑटो कंपोनेंट निर्माताओं का प्रतिनिधित्व करता है। ये कंपनियां संगठित क्षेत्र के ऑटो कंपोनेंट उद्योग के कुल कारोबार में 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी रखती हैं। वित्त वर्ष 2025 में ऑटो कंपोनेंट इंडस्ट्री का कुल कारोबार 80.2 बिलियन डॉलर रहा, जिसमें 22.9 बिलियन डॉलर का निर्यात और 500 मिलियन डॉलर का ट्रेड सरप्लस शामिल था।
ACMA की President-Designate अंजलि सिंह ने कहा, “भारत के ऑटो-कंपोनेंट निर्यात में आगे भी बढ़त जारी रहने की उम्मीद है। अफ्रीका भारतीय निर्माताओं के लिए एक संभावित बाजार के रूप में उभर रहा है, जहां वे अपनी मौजूदगी बढ़ाने के साथ स्थानीय सप्लाई चेन का हिस्सा बन सकते हैं।”
श्रीराम विजी ने विक्रमपति सिंघानिया का स्थान लिया है। विक्रमपति सिंघानिया JK Fenner (India) Ltd. के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं और उन्होंने 2025-26 कार्यकाल के दौरान ACMA के President के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। उन्हें सितंबर 2025 में President नियुक्त किया गया था, उस समय श्रीराम विजी President-Designate के पद पर थे।