वोल्वो इंडिया (Volvo India) ने भारत में अपनी नई फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक SUV EX90 लॉन्च की है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.26 करोड़ रुपये रखी गई है। यह कंपनी की तीन-रो वाली लग्जरी इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में पहली पेशकश है और भारतीय बाजार में XC90 की जगह लेगी। EX90 को छह सीटों वाले सिंगल कॉन्फिगरेशन में पेश किया गया है। इस सेगमेंट में इसका मुकाबला किया EV9 (Kia EV9) से होगा, जिसकी कीमत 1.30 करोड़ रुपये है, जबकि Mercedes-Benz EQS SUV 580 की कीमत 1.49 करोड़ रुपये है।
वोल्वो EX90 (Volvo EX90) में 106kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम के साथ आता है। यह सेटअप 456hp की पावर और 670Nm का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी के अनुसार, SUV 5.5 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है। इसकी दावा की गई WLTP रेंज एक बार फुल चार्ज करने पर 625 किमी है। यह SUV 800V SPA2 प्लेटफॉर्म पर आधारित है और 350kW DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि इससे बैटरी को 10 से 80% तक चार्ज करने में लगभग 22 मिनट लगते हैं, जबकि 11kW AC होम चार्जर से फुल चार्ज होने में करीब 11 घंटे लगते हैं।
डिजाइन की बात करें तो EX90 में T-शेप LED हेडलैंप, बंद फ्रंट पैनल और 21-इंच अलॉय व्हील दिए गए हैं। इसमें 2,985mm का व्हीलबेस और 210mm का ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है, जिसे एयर सस्पेंशन की मदद से 250mm तक बढ़ाया जा सकता है। SUV छह एक्सटीरियर कलर विकल्पों में उपलब्ध है, जिनमें क्रिस्टल व्हाइट, डेनिम ब्लू, मल्बेरी रेड, ओनिक्स ब्लैक, सैंड ड्यून और वेपर ग्रे शामिल हैं। इसका डिजाइन केबिन स्पेस, आराम और एयरोडायनामिक्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
एसयूवी (SUV) के इंटीरियर में 14.5-इंच की वर्टिकल टचस्क्रीन, 9-इंच का ड्राइवर डिस्प्ले और टू-टोन नप्पा लेदर अपहोल्स्ट्री दी गई है। फीचर्स में 25-स्पीकर Bowers & Wilkins ऑडियो सिस्टम, फोर-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, नौ एयरबैग, एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS), वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, 360-डिग्री कैमरा और वायरलेस फोन चार्जिंग शामिल हैं। इसमें 324 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जो तीसरी रो की सीटें फोल्ड करने पर 690 लीटर हो जाता है। इसके अलावा, फ्रंट में 46 लीटर का अतिरिक्त स्टोरेज कम्पार्टमेंट भी दिया गया है।
वोल्वो EX90 की बुकिंग शुरू हो गई है। कंपनी के अनुसार, 31 दिसंबर 2026 तक बुकिंग पूरी करने वाले ग्राहकों को 11kW का होम चार्जर, तीन साल का सर्विस पैकेज और तीन साल बाद वाहन की कीमत के 65% के बराबर सुनिश्चित बायबैक गारंटी मिलेगी। इस ऑफर के जरिए कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों की रीसेल वैल्यू को लेकर ग्राहकों की चिंताओं को कम करने का प्रयास कर रही है।