इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया वाहन बनाने वाली कंपनी Zelio E-Mobility को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) से करीब ₹167.96 करोड़ जुटाने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध कंपनी यह राशि प्रेफरेंशियल इश्यू के माध्यम से इक्विटी शेयर और कन्वर्टिबल वारंट जारी करके जुटाएगी।
कंपनी की योजना चार गैर-प्रमोटर निवेशकों को 853 रुपये प्रति शेयर के न्यूनतम मूल्य पर अधिकतम 9.73 लाख इक्विटी शेयर जारी करने की है। इसके जरिए करीब ₹83 करोड़ जुटाए जाएंगे। इसमें मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज से ₹40.1 करोड़, कैलीओप कैपिटल एडवाइजर्स से ₹31.4 करोड़, परम वैल्यू इन्वेस्टमेंट्स से ₹8.5 करोड़ और हेम ग्रोथ ऑपर्च्युनिटीज फंड से लगभग ₹3 करोड़ जुटाने का प्रस्ताव है।
प्रमोटर्स को जारी होंगे कन्वर्टिबल वारंट
इक्विटी शेयरों के अलावा, कंपनी अपने प्रमोटर्स नीरज आर्य, दीपक आर्य और कुणाल आर्य को 853 रुपये प्रति वारंट की कीमत पर अधिकतम 9.96 लाख कन्वर्टिबल वारंट जारी करने की योजना बना रही है। इसके जरिए करीब ₹85 करोड़ जुटाए जाएंगे।
वारंट की कुल कीमत का 25% हिस्सा अग्रिम भुगतान के रूप में देना होगा, जबकि शेष 75% राशि वारंट को इक्विटी शेयरों में बदलने के समय चुकानी होगी। यह प्रक्रिया 18 महीने के भीतर पूरी की जाएगी। जुटाई गई राशि के इस्तेमाल की निगरानी ब्रिकवर्क रेटिंग्स इंडिया करेगी। हालांकि, इस फंडरेज के लिए जरूरी वैधानिक प्रक्रियाओं और इश्यू के बाद की औपचारिकताओं को पूरा करना होगा।
H1 FY27 में राजस्व 120% बढ़कर ₹296.66 करोड़ हुआ
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (H1 FY27) में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। इस दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड राजस्व 120% बढ़कर ₹296.66 करोड़ हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में ₹134.78 करोड़ था। इसी अवधि में कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) 165.50% बढ़कर ₹38.26 करोड़ हो गया। वहीं, शुद्ध मुनाफा 164.30% की बढ़ोतरी के साथ ₹31.39 करोड़ पर पहुंच गया। कंपनी की प्रति शेयर आय (EPS) में भी 106.70% की वृद्धि दर्ज की गई और यह ₹14.84 हो गई।
हरियाणा में चौथे प्लांट से बढ़ी उत्पादन क्षमता
कंपनी ने हरियाणा के हिसार स्थित पटान में अपना चौथा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू किया है। इस प्लांट से कंपनी की उत्पादन क्षमता में सालाना 72,000 यूनिट की बढ़ोतरी हुई है। इसमें 48,000 इलेक्ट्रिक दोपहिया और 24,000 इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों का उत्पादन शामिल है। इस नई सुविधा के शुरू होने से कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता लगभग 2.4 लाख यूनिट से बढ़कर 3.12 लाख यूनिट हो गई है। यह प्लांट हरियाणा, तमिलनाडु और ओडिशा में स्थित कंपनी की मौजूदा उत्पादन इकाइयों के नेटवर्क में शामिल हो गया है।
कंपनी के पास वर्तमान में देश के 25 से अधिक राज्यों में 400 से ज्यादा डीलर हैं। वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक कंपनी अपने डीलर नेटवर्क को बढ़ाकर 550 से अधिक करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
फंडरेज से विस्तार योजनाओं को मिलेगी मजबूती
Zelio E-Mobility के मैनेजिंग डायरेक्टर कुणाल आर्य ने कहा, "प्रस्तावित फंडरेज हमारी विस्तार योजनाओं को आगे बढ़ाने, परिचालन क्षमताओं को मजबूत करने और इलेक्ट्रिक दोपहिया एवं तिपहिया वाहनों की हमारी रेंज को भारत के अधिक से अधिक बाजारों तक पहुंचाने में मदद करेगा।"