हैदराबाद में स्थित उद्यमी वेंचर कंपनी The Capitalist Ventures ने एंजेल निवेशकों से सीड फंडिंग राउंड में 10 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी का कहना है कि यह निवेश उसके विस्तार और विकास योजनाओं को गति देने में मदद करेगा।
साल 2025 में सत्यराम नदिमपल्ली द्वारा स्थापित The Capitalist Ventures दो प्रमुख वर्टिकल्स संचालित करती है। इनमें The Plug, एक कम्युनिटी-आधारित स्नीकर्स और स्ट्रीटवियर प्लेटफॉर्म, तथा The Capitalist Concierge, उच्च नेटवर्थ (HNI) और अल्ट्रा हाई नेटवर्थ (UHNI) ग्राहकों के लिए विशेष कलेक्टिबल्स और लग्जरी सेवाएं उपलब्ध कराने वाली निजी कंसीयर्ज सेवा शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार, नई फंडिंग का उपयोग अपने लग्जरी उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार करने, ग्राहक अधिग्रहण और ब्रांड निर्माण गतिविधियों को तेज करने तथा अगली विकास यात्रा को समर्थन देने के लिए परिचालन ढांचे को मजबूत बनाने में किया जाएगा।
The Capitalist Ventures के फाउंडर सत्यराम नदिमपल्ली ने कहा, “यह फंडिंग हमारी यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और हमारे विज़न पर निवेशकों के भरोसे को दर्शाती है। भारत का लग्जरी उपभोक्ता अब पहले से अधिक जागरूक, समझदार और विशिष्ट उत्पादों तक वास्तविक पहुंच की अपेक्षा रखने वाला बन गया है। यह निवेश हमें अपनी इन्वेंट्री मजबूत करने, पहुंच बढ़ाने और भरोसे पर आधारित उस इकोसिस्टम को और मजबूत बनाने में मदद करेगा, जो हमें बाजार में अलग पहचान देता है।”
लग्जरी सेवाओं के क्षेत्र में कंपनी का मुकाबला Indulge Global, Red Beryl और Quintessentially जैसी कंपनियों से है।
सीड फंडिंग राउंड के प्रमुख निवेशक एम. श्रीराम ने कहा, “भारत लग्जरी उपभोग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव के दौर से गुजर रहा है, जहां मांग की कमी नहीं है, बल्कि चुनौती सही पहुंच, भरोसे और बेहतर क्रियान्वयन की है। The Capitalist Ventures ने इस अंतर को गहरी बाजार समझ और मजबूत परिचालन मॉडल के माध्यम से प्रभावी ढंग से संबोधित किया है।”
उन्होंने आगे कहा कि कंपनी की सबसे बड़ी ताकत यह है कि यह दुर्लभता, संस्कृति और प्रीमियम कॉमर्स के संगम पर मूल्य सृजित करने की क्षमता रखती है। उनके अनुसार, जैसे-जैसे भारत का लग्जरी इकोसिस्टम परिपक्व होगा, वैसे-वैसे वे कंपनियां आगे बढ़ेंगी जो ग्राहकों का भरोसा जीतने और विशेष उत्पादों तक पहुंच सुनिश्चित करने में सक्षम होंगी और The Capitalist Ventures इस बदलाव का नेतृत्व करने की मजबूत स्थिति में है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह नई फंडिंग The Capitalist Ventures को भारत और वैश्विक बाजारों में अपनी उपस्थिति मजबूत करने, लक्जरी ग्राहकों के लिए नए अनुभव विकसित करने और तेजी से बढ़ते प्रीमियम लाइफस्टाइल बाजार में अपनी स्थिति को और सुदृढ़ बनाने में मदद करेगी।