बेंगलुरु में स्थित AI कंपनी Kapture CX ने प्री-सीरीज़ B फंडिंग राउंड में 10 मिलियन डॉलर (करीब 83 करोड़ रुपये) जुटाए हैं। इस निवेश का नेतृत्व Bajaj Finserv Ventures (BFSV) ने किया, जो Bajaj Finserv की वेंचर कैपिटल शाखा है।
इस फंडिंग राउंड में कंपनी के मौजूदा निवेशकों Cactus Venture Partners और India Alternatives ने भी भाग लिया। निवेशकों ने Kapture CX की विकास क्षमता और भविष्य की संभावनाओं पर अपना भरोसा दोहराया है।
साल 2014 में शेषगिरि कामथ और विकास गर्ग द्वारा स्थापित Kapture CX एक फुल-स्टैक Agentic AI प्लेटफॉर्म प्रदान करती है। यह प्लेटफॉर्म बड़े उद्यमों (एंटरप्राइजेज) के महत्वपूर्ण और जटिल कार्यों को AI की मदद से संचालित करने के लिए विकसित किया गया है।
कंपनी का कहना है कि उसकी तकनीक AI एजेंट्स, ऑपरेशनल इंटेलिजेंस और मानव निगरानी (Human Oversight) को एक ही सिस्टम में जोड़ती है, जिससे कंपनियां बड़े पैमाने पर जटिल व्यावसायिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकती हैं।
वर्तमान में Kapture CX 18 देशों में 1,000 से अधिक उद्यमों के साथ काम कर रही है। इसके ग्राहकों में Bajaj Finance, Tata Group और Reliance Group की कई कंपनियां शामिल हैं। कंपनी वैश्विक कंसल्टिंग फर्मों और बड़े क्लाउड सेवा प्रदाताओं (Hyperscalers) के साथ भी सहयोग कर रही है।
Kapture CX के, को-फाउंडर और सीईओ शेषगिरि कामथ ने कहा, “2023 में सीरीज़ ए फंडिंग मिलने के बाद से हमारी कंपनी ने चार गुना वृद्धि दर्ज की है और AI उद्योग में एक दुर्लभ उपलब्धि हासिल करते हुए लाभप्रदता (Profitability) भी प्राप्त की है। Bajaj Finserv Ventures जैसे AI-केंद्रित निवेशक का इस फंडिंग राउंड का नेतृत्व करना हमारे बिजनेस मॉडल और तकनीक की मजबूत पुष्टि है।”
उन्होंने कहा कि जिन कंपनियों ने AI के साथ प्रयोग करने का चरण पार कर लिया है और अब वास्तविक व्यावसायिक लाभ हासिल करना चाहती हैं, उनके लिए Kapture CX एक प्रभावी समाधान प्रदान करता है। कंपनी का प्लेटफॉर्म पहले से ही बड़े स्तर पर डेटा और प्रक्रियाओं को संभाल रहा है तथा दुनिया भर के ग्राहकों के लिए ठोस परिणाम दे रहा है।
कंपनी के अनुसार, 2023 में प्राप्त सीरीज़ A फंडिंग के बाद से उसका रेवेन्यू चार गुना बढ़ा है और वह लाभप्रद बन चुकी है। उल्लेखनीय है कि Kapture CX ने 2023 में 4 मिलियन डॉलर की सीरीज़ A फंडिंग जुटाई थी, जिसका नेतृत्व Cactus Venture Partners ने किया था।
Bajaj Alts की मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ तथा ग्रुप प्रेसिडेंट (निवेश) लक्ष्मी अय्यर ने कहा कि कंपनी जल्द ही AI Opportunities Fund लॉन्च करने की प्रक्रिया में है, जिसके माध्यम से उभरते AI इकोसिस्टम में निवेश किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “AI क्षेत्र में विभिन्न अवसरों का मूल्यांकन करते समय हमें Kapture CX एक ऐसा समाधान लगा, जिसने बड़े पैमाने पर अपनी उपयोगिता और प्रभावशीलता साबित की है। कंपनी की गहरी तकनीकी विशेषज्ञता, मॉडल ट्रेनिंग क्षमताएं, एंटरप्राइज वर्कफ्लो की मजबूत समझ और व्यापक पार्टनर नेटवर्क इसे तेजी से विकसित हो रहे AI बाजार में एक मजबूत स्थिति प्रदान करते हैं।”
विशेषज्ञों का मानना है कि यह नई फंडिंग Kapture CX को अपने AI प्लेटफॉर्म को और मजबूत बनाने, नए बाजारों में विस्तार करने और वैश्विक स्तर पर एंटरप्राइज AI समाधानों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद करेगी।