ट्रक सेगमेंट में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देते हुए टाटा मोटर्स ने बड़ा कदम उठाया है। देश की सबसे बड़ी कमर्शियल वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने बिलियनई मोबिलिटी (BillionE Mobility) को अपने Prima E.55S इलेक्ट्रिक प्राइम मूवर्स की डिलीवरी शुरू कर दी है। इसके साथ ही कंपनी को 250 अतिरिक्त यूनिट्स का नया ऑर्डर भी मिला है, जो भारत में भारी-भरकम इलेक्ट्रिक ट्रकों की बढ़ती मांग को दर्शाता है।
यह इलेक्ट्रिक ट्रक फ्लीट चरणबद्ध तरीके से गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, दिल्ली एनसीआर और हरियाणा जैसे प्रमुख फ्रेट कॉरिडोर में तैनात की जाएगी। इनका उपयोग मुख्य रूप से स्टील, सीमेंट और अन्य औद्योगिक सामान के लंबी दूरी के परिवहन में किया जाएगा।
इस मौके पर टाटा मोटर्स के एमडी और सीईओ गिरीश वाघ, बिलियनई मोबिलिटी (BillionE Mobility) और चार्जज़ोन (ChargeZone) के फाउंडर कार्तिकेय हरियानी, और टाटा मोटर्स के ट्रक्स बिजनेस हेड राजेश कौल सहित दोनों कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बिलियनई मोबिलिटी (BillionE Mobility) ने बताया कि वह अगले 6 से 18 महीनों में 1,500 हैवी-ड्यूटी इलेक्ट्रिक वाहनों को अपने बेड़े में शामिल करने की योजना बना रही है। कंपनी के अनुसार, 2024 में संचालन शुरू करने के बाद से उसकी मौजूदा 125 से अधिक ट्रकों की फ्लीट 30 लाख से ज्यादा क्लीन एनर्जी किलोमीटर तय कर चुकी है।
प्राइमा (Prima) E.55S ट्रक टाटा मोटर्स के i-MoEV प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिसमें 450 kWh की बैटरी दी गई है, जो एक बार चार्ज करने पर करीब 350 किलोमीटर की रेंज देती है। इसमें ई-एक्सल, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग, 3-स्पीड ऑटो शिफ्ट ट्रांसमिशन और फास्ट चार्जिंग जैसी उन्नत तकनीकें शामिल हैं।
सुरक्षा के लिहाज से इसमें ड्राइवर मॉनिटरिंग सिस्टम, लेन डिपार्चर वार्निंग, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम, क्रूज़ कंट्रोल और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
टाटा मोटर्स के राजेश कौल ने कहा कि Prima E.55S को खासतौर पर बेहतर परफॉर्मेंस, ज्यादा अपटाइम, ऊर्जा दक्षता और कम कुल लागत (TCO) को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, ताकि इलेक्ट्रिक ट्रकिंग को बड़े पैमाने पर अपनाया जा सके।