जयपुर स्थित अल्ट्रा-फास्ट इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग नेटवर्क चार्जजेट (ChargeJet) ने 'ऐप-फ्री चार्जिंग' फीचर लॉन्च किया है। इस नई सुविधा के जरिए देशभर के ईवी मालिक बिना किसी मोबाइल ऐप को डाउनलोड किए अपने वाहन की चार्जिंग शुरू कर सकेंगे।
इस सुविधा का उपयोग करने के लिए वाहन चालक को केवल चार्जिंग गन को वाहन से जोड़ना होगा, चार्जर पर मौजूद QR कोड स्कैन करना होगा और UPI या अन्य डिजिटल भुगतान माध्यम से भुगतान करना होगा। भुगतान सफल होते ही चार्जिंग अपने आप शुरू हो जाएगी। इसके लिए न तो ऐप डाउनलोड करने की जरूरत होगी और न ही अकाउंट बनाने या वॉलेट में बैलेंस रखने की आवश्यकता होगी।
कंपनी के अनुसार, यह फीचर भारत में QR-आधारित डिजिटल भुगतान की लोकप्रियता को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, ताकि सार्वजनिक EV चार्जिंग को भी उतना ही आसान बनाया जा सके। आमतौर पर अधिकांश चार्जिंग नेटवर्क पर पहली बार चार्जिंग के लिए उपयोगकर्ताओं को ऐप डाउनलोड करना, रजिस्ट्रेशन करना, पहचान सत्यापित करना और वॉलेट रिचार्ज करना पड़ता है, जिससे नए उपयोगकर्ताओं को असुविधा होती है।
चार्जजेट का दावा है कि नई सुविधा के प्रमुख लाभों में बिना रजिस्ट्रेशन के QR कोड के जरिए तुरंत चार्जिंग शुरू करना, सुरक्षित डिजिटल पेमेंट गेटवे के माध्यम से भुगतान, ऐप इंस्टॉल करने की आवश्यकता समाप्त होना, वॉलेट बैलेंस बनाए रखने की जरूरत नहीं होना और चार्जिंग शुरू होने में लगने वाले समय में कमी शामिल है।
कंपनी का कहना है कि यह पहल ऐसे समय में आई है जब भारत में बढ़ती ईंधन कीमतों, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और FAME India जैसी सरकारी योजनाओं के चलते इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की गति तेज हो रही है। वहीं, सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों पर जटिल ऐप-आधारित प्रक्रिया को EV अपनाने में एक बड़ी बाधा माना जाता रहा है। ऐसे में ऐप-फ्री चार्जिंग फीचर सार्वजनिक EV चार्जिंग को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।