देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनियों में शामिल हीरो मोटोकॉर्प ने इलेक्ट्रिक वाहन कारोबार में बड़ा विस्तार करने की योजना बनाई है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह चालू वित्त वर्ष के अंत तक अपनी इलेक्ट्रिक वाहन उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 45,000 यूनिट प्रति माह कर देगी। यह पिछले वित्त वर्ष के अंत में मौजूद 15,000 यूनिट प्रति माह की क्षमता से तीन गुना अधिक होगी। कंपनी के CEO हर्ष वर्धन ने बताया कि अगस्त की शुरुआत तक उत्पादन क्षमता बढ़कर करीब 30,000 यूनिट प्रति माह हो चुकी है और वित्त वर्ष समाप्त होने से पहले इसे 45,000 यूनिट तक पहुंचा दिया जाएगा।
कंपनी के अनुसार, इस क्षमता विस्तार के पीछे बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की मजबूत मांग है। हीरो मोटोकॉर्प का कहना है कि डीलरशिप पर केवल 2-3 दिनों का स्टॉक ही उपलब्ध है, क्योंकि फैक्ट्री से भेजे जा रहे अधिकांश वाहन तुरंत ग्राहकों को बिक रहे हैं। कंपनी को भरोसा है कि बढ़ाई गई उत्पादन क्षमता भी बाजार आसानी से खपा लेगा।
हीरो मोटोकॉर्प ने पहली तिमाही में अपने Vida इलेक्ट्रिक स्कूटर पोर्टफोलियो का भी विस्तार किया है। कंपनी ने Vida VX2 Plus (4.4 kWh) और Vida VX2 Go (3.1 kWh) जैसे नए मॉडल लॉन्च किए हैं। इनमें VX2 Plus की IDC प्रमाणित रेंज 187 किलोमीटर है। कंपनी का मानना है कि नए मॉडल ग्राहकों को आकर्षित करेंगे और ईवी बिक्री को और गति देंगे।
वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो जून तिमाही में हीरो मोटोकॉर्प की इलेक्ट्रिक वाहन बिक्री में 151% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान ईवी कारोबार से कंपनी को करीब 660 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। कंपनी का कहना है कि उत्पादन क्षमता बढ़ने और नए उत्पादों के लॉन्च के साथ आने वाले समय में कुल कारोबार में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी लगातार बढ़ेगी।
इसके अलावा हीरो मोटोकॉर्प अगले साल अपने इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल पोर्टफोलियो का भी विस्तार करेगी। कंपनी की Emerging Mobility Business Unit की चीफ बिजनेस ऑफिसर कौशल्या नंदकुमार के मुताबिक, UBEX प्लेटफॉर्म पर आधारित इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलें और Zero Motorcycles के साथ साझेदारी में विकसित मॉडल अगले वर्ष बाजार में उतारे जाएंगे। कंपनी का लक्ष्य भारतीय ईवी बाजार में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना है।