स्पेशियलिटी केमिकल निर्माता हिमाद्री स्पेशियलिटी केमिकल (Himadri Speciality Chemical) ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में अपने मुनाफे और राजस्व में बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी की ओर से जारी निवेशक रिपोर्ट के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में उसका कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 31.33% बढ़कर 231 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 176 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था।
कंपनी का परिचालन राजस्व (Revenue from Operations) दूसरी तिमाही में 57.93% बढ़कर 1,691 करोड़ रुपये हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2026 की इसी तिमाही में यह 1,071 करोड़ रुपये था। इस दौरान ब्याज, टैक्स, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की कमाई (EBITDA) 27.48% बढ़कर 303 करोड़ रुपये रही। पिछले साल की समान तिमाही में यह 238 करोड़ रुपये थी।
वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में भी कंपनी ने मजबूत प्रदर्शन किया। इस अवधि में उसका कंसोलिडेटेड परिचालन राजस्व सालाना आधार पर 43% बढ़कर 3,123 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, छमाही EBITDA 30% की वृद्धि के साथ 616 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 29% बढ़कर 460 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
हिमाद्री स्पेशियलिटी केमिकल के चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ अनुराग चौधरी ने कहा कि तिमाही के दौरान बिड़ला टायर्स कारोबार के हिमाद्री के साथ प्रस्तावित विलय ने एकीकृत टायर वैल्यू चेन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
उन्होंने आगे बताया कि कंपनी ने सिकॉना बैटरी टेक्नोलॉजीज (Sicona Battery Technologies) में अपना निवेश भी मजबूत किया है। सिकॉना ने अमेरिका की कंपनी एडवानो (Advano) का 100% अधिग्रहण पूरा कर लिया है। इस अधिग्रहण से सिलिकॉन एनोड तकनीक से जुड़े बौद्धिक संपदा अधिकार (IP) मजबूत होंगे। साथ ही, अमेरिका में पायलट प्लांट, रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) और बैटरी सेल टेस्टिंग की क्षमताओं का भी विस्तार होगा। कंपनी का यह कदम टायर कारोबार और बैटरी टेक्नोलॉजी, दोनों क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।