भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (आईआईटी दिल्ली) ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स: सस्टेनेबिलिटी 2027 में दुनिया भर में 194वां स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही संस्थान ने एक बार फिर वैश्विक टॉप 200 में वापसी की है और भारतीय संस्थानों में पहला स्थान प्राप्त किया है। आईआईटी खड़गपुर 224वें स्थान के साथ देश में दूसरे और दिल्ली विश्वविद्यालय 237वें स्थान के साथ तीसरे स्थान पर रहा। वैश्विक स्तर पर लुंड यूनिवर्सिटी ने पहला स्थान बरकरार रखा है। इसके बाद ईटीएच ज्यूरिख और यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो का स्थान रहा। इस बार की रैंकिंग में 107 देशों और क्षेत्रों के करीब 2,000 विश्वविद्यालय शामिल हैं।
भारत के विश्वविद्यालयों की कुल 99 प्रविष्टियां इस बार की रैंकिंग में शामिल हुईं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 103 थी। हालांकि, भारत ने सबसे अधिक प्रतिनिधित्व वाले पांच उच्च शिक्षा प्रणालियों में सबसे बेहतर सुधार दर्ज किया। पिछले वर्ष रैंकिंग में शामिल भारतीय संस्थानों में से 38 की रैंकिंग में सुधार हुआ, 19 ने अपनी स्थिति बरकरार रखी और 34 की रैंकिंग में गिरावट आई। इससे भारत के प्रदर्शन में कुल 4% का शुद्ध सुधार दर्ज किया गया। वहीं, अमेरिका, मुख्यभूमि चीन और ब्रिटेन में कुल मिलाकर गिरावट दर्ज की गई।
भारत के आठ नए संस्थानों ने भी इस बार रैंकिंग में जगह बनाई है। अब भारत के 42 विश्वविद्यालय दुनिया के टॉप 1,000 संस्थानों में शामिल हैं। इस मामले में भारत चीन के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर है। वहीं, भारत के 13 संस्थानों ने टॉप 500 में जगह बनाई है, जबकि 2023 की रैंकिंग में यह संख्या केवल पांच थी।
वैश्विक सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में भारतीय विश्वविद्यालयों का प्रदर्शन बेहतर
वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (वीआईटी) पहली बार वैश्विक टॉप 300 में शामिल हुआ है और उसने 293वां स्थान हासिल किया है। मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए टॉप 400 में जगह बनाई और 384वां स्थान प्राप्त किया। वहीं, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने टॉप 500 में दोबारा प्रवेश करते हुए 432वां स्थान हासिल किया।
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और सवेथा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेज (सिमैट्स) ने भी पहली बार वैश्विक टॉप 600 में जगह बनाई है। यह प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय सस्टेनेबिलिटी आकलन में भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
सोशल इम्पैक्ट में सुधार, पर्यावरणीय प्रदर्शन अब भी चुनौती
क्यूएस के अनुसार, श्रेणीवार प्रदर्शन में 65% भारतीय संस्थानों ने सोशल इम्पैक्ट के स्कोर में सुधार दर्ज किया है। हालांकि, ज्यादातर संस्थानों के पर्यावरणीय प्रभाव (एनवायरनमेंटल इम्पैक्ट) और गवर्नेंस से जुड़े स्कोर में गिरावट आई है। इससे संकेत मिलता है कि इन क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर अन्य संस्थान भारत की तुलना में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
भारत का औसत सस्टेनेबिलिटी स्कोर 2023 में 26.9 था, जो अब बढ़कर 55 हो गया है। इसके साथ ही रैंकिंग में शामिल भारतीय संस्थानों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2023 में इस सूची में भारत के केवल 14 संस्थान शामिल थे, जबकि 2027 में यह संख्या बढ़कर 99 हो गई है।
समानता और रोजगार के अवसरों में भारत की प्रगति पर क्यूएस की टिप्पणी
भारत के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए क्यूएस की सीईओ जेसिका टर्नर ने कहा, “भारत की उच्च शिक्षा प्रणाली सस्टेनेबिलिटी से जुड़े प्रमुख मानकों पर लगातार सुधार कर रही है। रैंकिंग में शामिल 70% से अधिक संस्थानों ने समानता (इक्वालिटी) और रोजगार एवं परिणाम (एम्प्लॉयबिलिटी एंड आउटकम्स) दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया है। हालांकि, शिक्षा का प्रभाव (इम्पैक्ट ऑफ एजुकेशन) और स्वास्थ्य एवं कल्याण (हेल्थ एंड वेलबीइंग) जैसे क्षेत्रों में भारत का औसत प्रदर्शन अन्य देशों की तुलना में पीछे है।”
ताजा रैंकिंग भारतीय विश्वविद्यालयों की वैश्विक सस्टेनेबिलिटी प्रयासों में बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। समानता, रोजगार और सोशल इम्पैक्ट के क्षेत्रों में सुधार सकारात्मक संकेत हैं। हालांकि, पर्यावरणीय प्रदर्शन, गवर्नेंस और शिक्षा के व्यापक प्रभाव को मजबूत करना भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए आने वाले समय में महत्वपूर्ण प्राथमिकताएं बनी रहेंगी।