इंडोफास्ट एनर्जी (Indofast Energy) ने गुरुवार को कमलदीप सिंह (Kamaldeep Singh) को कंपनी का सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की। इस नियुक्ति के साथ सिंह कंपनी के परिचालन विस्तार की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका मुख्य ध्यान देशभर में बैटरी स्वैपिंग नेटवर्क का विस्तार करना और बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) कारोबार की लागत और मुनाफे को बेहतर बनाना होगा।
कमलदीप सिंह को P&L मैनेजमेंट, कंज्यूमर बिजनेस और डिस्ट्रीब्यूटेड रिटेल ऑपरेशंस में दो दशक से अधिक का अनुभव है। इससे पहले वह बिग बाजार (Big Bazaar) के सीईओ और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म डीलशेयर (DealShare) के सीईओ के रूप में काम कर चुके हैं।
अपनी नियुक्ति पर कमलदीप सिंह ने कहा कि वह देशभर में कंपनी के बैटरी स्वैपिंग नेटवर्क का तेजी से विस्तार करने और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) उपयोगकर्ताओं के लिए बैटरी बदलने की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाने पर ध्यान देंगे। उनका उद्देश्य भारत में ईवी उपयोगकर्ताओं को बिना किसी परेशानी के बैटरी स्वैपिंग की सुविधा उपलब्ध कराना है।
इंडोफास्ट एनर्जी, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) और सन मोबिलिटी (SUN Mobility) का 50:50 संयुक्त उद्यम है। कंपनी मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) मॉडल पर काम करती है। इस मॉडल के तहत ईवी उपयोगकर्ता बैटरी की पूरी कीमत चुकाने के बजाय सर्विस के माध्यम से बैटरी का उपयोग कर सकते हैं। कंपनी का बैटरी स्वैपिंग नेटवर्क इलेक्ट्रिक वाहनों में इस्तेमाल होने वाली डिस्चार्ज बैटरी को चार्ज बैटरी से बदलने की सुविधा देता है।