सन मोबिलिटी (SUN Mobility) ने सतीश सुंदरसन (Satish Sundaresan) को कंपनी का सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की। इस भूमिका में वह कंपनी की ग्लोबल इंजीनियरिंग, हार्डवेयर मैन्युफैक्चरिंग और ग्लोबल सोर्सिंग से जुड़ी गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे। उनकी जिम्मेदारी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए स्मार्ट बैटरी, क्विक इंटरचेंज स्टेशन और सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म के उत्पादन की निगरानी करना भी होगी।
सतीश सुंदरसन को ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी, सॉफ्टवेयर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में 25 साल से ज्यादा का अनुभव है। इससे पहले वह लुमैक्स ऑटो टेक्नोलॉजीज (Lumax Auto Technologies) में चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत थे। वहां उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े कामकाज का नेतृत्व किया। इससे पहले वह इलेक्ट्रोबिट इंडिया, मर्सिडीज-बेंज और Bosch में भी अहम पदों पर काम कर चुके हैं।
अपनी नियुक्ति पर सुंदरसन ने कहा कि उनका मुख्य ध्यान यह सुनिश्चित करने पर होगा कि कंपनी की प्रत्येक बैटरी और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन उसके साझेदारों तक तेजी से, भरोसेमंद तरीके से और कम लागत पर पहुंचे। इसमें भारत के साथ-साथ वैश्विक बाजार भी शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी अपने बैटरी स्वैपिंग प्लेटफॉर्म को ज्यादा फलेक्सीबल, किफायती और भविष्य की जरूरतों के अनुकूल बनाने के लिए टेक्नोलॉजी में लगातार सुधार करेगी।
सन मोबिलिटी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बैटरी स्वैपिंग तकनीक उपलब्ध कराती है। इस तकनीक के जरिए इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ता डिस्चार्ज बैटरी को चार्ज बैटरी से बदल सकते हैं, जिससे बैटरी चार्ज होने का इंतजार कम होता है। कंपनी स्मार्ट बैटरी, क्विक इंटरचेंज स्टेशन और सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म के माध्यम से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अधिक सुविधाजनक बनाने पर काम करती है।