डिजिटल इंटरएक्टिव एंटरटेनमेंट और वीडियो गेमिंग कंपनी JetSynthesys ने Big Fish Games Inc. से लोकप्रिय कैज़ुअल मोबाइल गेम EverMerge का अधिग्रहण किया है। Big Fish Games, Aristocrat Leisure Limited की सहायक कंपनी है।
EverMerge, मर्ज पज़ल कैटेगरी का एक जाना-माना गेम है। इसे लॉन्च हुए पांच साल हो चुके हैं और अब तक यह 350 मिलियन अमेरिकी डॉलर से ज्यादा की लाइफटाइम कमाई कर चुका है। यह गेम दुनिया के टॉप 100 सबसे ज्यादा कमाई करने वाले मोबाइल गेम्स में शामिल है और इसके डेली एक्टिव यूजर्स और रिटेंशन लगातार मजबूत बने हुए हैं। इसके ज्यादातर खिलाड़ी अमेरिका और पश्चिमी यूरोप से हैं, जहां यह लंबे समय से अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।
यह अधिग्रहण JetSynthesys की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत कंपनी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार करना और अपने गेमिंग प्लेटफॉर्म को और मजबूत बनाना चाहती है। कंपनी इस गेम को भारत समेत नए बाजारों में ले जाने की योजना बना रही है, जहां हाल के वर्षों में मोबाइल गेमिंग तेजी से बढ़ी है। JetSynthesys अपने कम्युनिटी-आधारित एंगेजमेंट, पार्टनरशिप और डेटा-आधारित ग्रोथ रणनीतियों का इस्तेमाल कर गेम के विस्तार को आगे बढ़ाएगी।
JetSynthesys के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर राजन नवानी ने कहा, “ऐसे समय में जब भारत ऑरेंज इकॉनमी की संभावनाओं को पहचान रहा है, जिसकी शुरुआत JetSynthesys ने की थी, यह अधिग्रहण हमारे लिए एक अहम पड़ाव है। पश्चिमी बाजारों में EverMerge की सफलता इसे नए दर्शकों तक पहुंचाने का बड़ा अवसर देती है।”
उन्होंने आगे कहा, “हम वैश्विक आईपी को स्थानीय समझ से जोड़ने में बड़ी संभावनाएं देखते हैं। हमारा लक्ष्य है कि EverMerge को भारत जैसे उभरते बाजारों में सांस्कृतिक कहानी, एंगेजमेंट और टेक्नोलॉजी-आधारित इनोवेशन के जरिए लोकप्रिय बनाया जाए।”
JetSynthesys के ग्लोबल गेमिंग सीईओ रयो शिमा ने कहा, “हम EverMerge के वैश्विक खिलाड़ियों को लगातार बेहतर अनुभव देने के लिए गेम में निवेश करेंगे, इसके कंटेंट का विस्तार करेंगे और नए फीचर्स लाएंगे, ताकि गेम खेलना मजेदार और आकर्षक बना रहे।”
2014 में स्थापित JetSynthesys वीडियो गेमिंग, ईस्पोर्ट्स और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में काम करती है और इसकी मौजूदगी 180 से अधिक देशों में है। यह अधिग्रहण कंपनी के एक विविध और वैश्विक रूप से जुड़े डिजिटल एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म बनाने के प्रयासों को और मजबूत करता है।