इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट बैंगलोर (IIMB) के सेंटर फॉर कॉरपोरेट गवर्नेंस एंड सस्टेनेबिलिटी (CCGS) ने कॉरपोरेट गवर्नेंस और सस्टेनेबिलिटी पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की शुरुआत की है। इस सम्मेलन में चर्चा की जा रही है कि तकनीकी बदलाव, भू-राजनीतिक अनिश्चितता और सस्टेनेबिलिटी से जुड़ी जरूरतें कंपनियों के बोर्ड और उनके फैसले लेने के तरीकों को किस तरह प्रभावित कर रही हैं।
इस सम्मेलन में इंफोसिस के, को-फाउंडर और एक्सिलर वेंचर्स के चेयरमैन क्रिस गोपालकृष्णन ने मुख्य संबोधन दिया। ‘एआई, गवर्नेंस और बोर्ड’ विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट गवर्नेंस को केवल नियमों और कानूनी प्रक्रियाओं के पालन के रूप में नहीं देखना चाहिए। यह किसी संस्थान की लंबे समय तक सफलता, स्थिरता और भरोसा बनाए रखने का महत्वपूर्ण आधार है।
एआई एजेंट की जिम्मेदारी तय करना जरूरी
क्रिस गोपालकृष्णन ने कहा, “एआई एजेंट को नियंत्रित व्यवस्था के तहत सौंपी गई जिम्मेदारियों के साथ काम करने वाले माध्यम के रूप में देखना चाहिए, न कि जवाबदेह व्यक्ति के रूप में।”
उन्होंने किसी भी संस्थान को लंबे समय तक सफल बनाए रखने के लिए तीन प्रमुख आधार बताए। इनमें नियमित और लाभदायक विकास के माध्यम से लंबे समय के लिए मूल्य तैयार करना, निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी के जरिए हितधारकों का भरोसा जीतना और अपने मूल्यों के आधार पर नए प्रयोगों तथा बदलावों को अपनाने की क्षमता विकसित करना शामिल है।
कंपनी के हर विभाग में एआई की भूमिका पर ध्यान जरूरी
उन्होंने कहा कि एआई को किसी एक विभाग तक सीमित नहीं रखना चाहिए, क्योंकि इसका प्रभाव ऑडिट, जोखिम प्रबंधन, टेक्नोलॉजी, नियुक्ति और वेतन संबंधी फैसलों के साथ-साथ कंपनी के शीर्ष नेतृत्व पर भी पड़ता है।
उनके अनुसार, जब भी किसी एआई एजेंट को कोई जिम्मेदारी सौंपी जाए, तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि उसका जिम्मेदार व्यक्ति कौन है, उसे कौन-से काम करने की अनुमति है और उसकी कार्यसीमा क्या होगी। इसके साथ ही उसके काम का रिकॉर्ड रखना, नियमित निगरानी करना और जरूरत पड़ने पर इंसान के हस्तक्षेप की व्यवस्था भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कंपनी के निदेशकों को एआई की समझ विकसित करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय हों। इससे किसी गलती या फैसले की जिम्मेदारी एआई मॉडल, सेवा प्रदाता या एआई एजेंट पर डालकर टाली नहीं जा सकेगी।
गवर्नेंस में नए प्रयोगों और बदलावों को भी मिले महत्व
IIM बैंगलोर के प्रोफेसर सौरव मुखर्जी ने कहा कि कई संगठन नए प्रयोगों और खोज के बजाय मौजूदा कामकाज को बेहतर बनाने पर अधिक ध्यान देते हैं। इसकी एक वजह यह है कि लोग ऐसे कामों को प्राथमिकता देते हैं, जिनके परिणाम और फायदे तुरंत दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में कॉरपोरेट गवर्नेंस की भूमिका संतुलन बनाने की होनी चाहिए, ताकि संस्थान मौजूदा प्रदर्शन के साथ भविष्य के लिए नए विचारों और संभावनाओं पर भी काम कर सकें।
भारत के कॉरपोरेट गवर्नेंस नियम सख्त, लेकिन सही क्रियान्वयन जरूरी
इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (ISB) के प्रोफेसर संजय कल्लापुर ने कहा कि भारत में कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े नियम दुनिया के सबसे सख्त नियमों में शामिल हैं। हालांकि, जब कंपनियां इन नियमों को केवल चेकलिस्ट पूरी करने की प्रक्रिया मानकर लागू करती हैं, तो इससे नियमों से बचने के नए तरीके भी सामने आ सकते हैं। उन्होंने स्वतंत्र निदेशकों (इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स) की भूमिका को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि उन्हें कंपनी के हितों और जवाबदेही के बीच संतुलन बनाए रखना पड़ता है।
उन्होंने आगे कहा, “केवल एआई को अपनाने के बजाय उससे होने वाले बदलावों और वास्तविक परिणामों को मापना चाहिए।” उनके अनुसार, किसी कंपनी ने कितने एआई पायलट प्रोजेक्ट शुरू किए हैं, यह उसकी रणनीतिक प्रगति का सही पैमाना नहीं हो सकता। असली महत्व इस बात का है कि एआई से कंपनी के कामकाज और प्रदर्शन में कितना वास्तविक सुधार आया है।