Persistent करेगी Nagarro का अधिग्रहण, 2.9 अरब डॉलर की AI-केंद्रित इंजीनियरिंग कंपनी बनेगी

Persistent करेगी Nagarro का अधिग्रहण, 2.9 अरब डॉलर की AI-केंद्रित इंजीनियरिंग कंपनी बनेगी

Persistent करेगी Nagarro का अधिग्रहण, 2.9 अरब डॉलर की AI-केंद्रित इंजीनियरिंग कंपनी बनेगी
40 से अधिक देशों में 46,000 से ज्यादा कर्मचारियों के साथ बनेगा वैश्विक AI-आधारित डिजिटल इंजीनियरिंग समूह


आईटी और डिजिटल इंजीनियरिंग सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी Persistent Systems ने जर्मनी के म्यूनिख मुख्यालय वाली Nagarro SE के अधिग्रहण की योजना की घोषणा की है। इसके तहत Persistent ने Nagarro के लिए प्रति शेयर 81 यूरो का स्वैच्छिक सार्वजनिक अधिग्रहण प्रस्ताव (Voluntary Public Takeover Offer) दिया है। यह सौदा डिजिटल इंजीनियरिंग और AI सेवाओं के क्षेत्र में हाल के वर्षों के सबसे बड़े तकनीकी विलय सौदों में से एक माना जा रहा है। इस अधिग्रहण के बाद Persistent-Nagarro Group नाम से एक वैश्विक AI-आधारित डिजिटल इंजीनियरिंग और एंटरप्राइज मॉडर्नाइजेशन कंपनी बनने की उम्मीद है।

यह पूरी तरह नकद (All-Cash) प्रस्ताव है, जो 25 जून 2026 को Nagarro के शेयर के बंद भाव की तुलना में लगभग 140 प्रतिशत अधिक है। यह कंपनी के पिछले तीन महीनों के औसत शेयर मूल्य से भी करीब 94 प्रतिशत प्रीमियम पर है। Persistent पहले ही Nagarro के सबसे बड़े शेयरधारक के साथ एक बाध्यकारी समझौते के तहत कंपनी में लगभग 21 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर चुकी है। वहीं Nagarro के मैनेजमेंट बोर्ड के कुछ सदस्यों ने भी अपने शेयर इस प्रस्ताव के तहत बेचने की इच्छा जताई है।

यदि यह विलय पूरा होता है, तो नई कंपनी का वार्षिक राजस्व लगभग 2.9 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। साथ ही इसमें 46,000 से अधिक कर्मचारी होंगे, जो उत्तरी अमेरिका, यूरोप और एशिया सहित 40 से अधिक देशों में कार्य करेंगे। संयुक्त कंपनी AI, डिजिटल इंजीनियरिंग, क्लाउड ट्रांसफॉर्मेशन, एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग (ERP), कस्टमर एक्सपीरियंस (CX) और डेटा-आधारित मॉडर्नाइजेशन सेवाओं में अपनी क्षमताओं को और मजबूत करेगी।

Persistent Systems के फाउंडर, चेयरमैन और प्रबंध निदेशक डॉ. आनंद देशपांडे ने इस सौदे को दीर्घकालिक रणनीतिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि दोनों कंपनियों की इंजीनियरिंग संस्कृति, नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता और उद्यमशील सोच एक-दूसरे के पूरक हैं। यही वजह है कि दोनों कंपनियां AI-आधारित परिवर्तन की बढ़ती वैश्विक मांग का बेहतर लाभ उठाने की स्थिति में होंगी।

Persistent Systems के सीईओ संदीप कालरा ने कहा कि यह अधिग्रहण कंपनी की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उनके अनुसार, इससे यूरोप में Persistent की मौजूदगी मजबूत होगी, उत्तरी अमेरिका में कंपनी का विस्तार होगा और बड़े पैमाने पर AI एवं डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन परियोजनाओं पर काम कर रही वैश्विक कंपनियों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी।

Nagarro के, को-फाउंडर और सीईओ मानस ह्यूमन (Manas Human) ने कहा कि AI के दौर में बड़े पैमाने पर काम करने की क्षमता बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। उनके मुताबिक, संयुक्त कंपनी दुनिया भर के ग्राहकों के लिए जटिल AI और इंटेलिजेंस ट्रांसफॉर्मेशन प्रोजेक्ट्स को अधिक प्रभावी तरीके से पूरा कर सकेगी। इससे ग्राहकों, कर्मचारियों और निवेशकों सभी को लाभ मिलेगा।

यह सौदा Persistent की वैश्विक पहुंच को भी काफी बढ़ाएगा। विलय के बाद कंपनी की कुल आय में यूरोप की हिस्सेदारी 9 प्रतिशत से बढ़कर 22 प्रतिशत हो जाएगी। साथ ही कंपनी की वैश्विक आय संरचना अधिक संतुलित होगी। संयुक्त संगठन 350 से अधिक प्रमुख ग्राहकों को सेवाएं देगा, जिनमें बैंकिंग, स्वास्थ्य सेवा और ऑटोमोबाइल क्षेत्र की कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनियां शामिल हैं।

हालांकि यह अधिग्रहण अभी नियामकीय मंजूरियों और कुछ शर्तों के अधीन है। प्रस्ताव को सफल बनाने के लिए Nagarro के कुल जारी शेयरों में से कम से कम 50 प्रतिशत प्लस एक शेयर का समर्थन आवश्यक होगा। जर्मनी की वित्तीय नियामक संस्था Federal Financial Supervisory Authority (BaFin) से मंजूरी मिलने के बाद औपचारिक अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कंपनी को उम्मीद है कि यह सौदा 2026 की चौथी तिमाही से 2027 की पहली तिमाही के बीच पूरा हो सकता है।

अधिग्रहण पूरा होने के बाद Persistent, Nagarro के शेयरों को Frankfurt Stock Exchange से डीलिस्ट करने की योजना बना रही है। साथ ही कंपनी ने कहा है कि दोनों संगठनों की नेतृत्व संस्कृति, विशेषज्ञता और ग्राहक संबंधों को बरकरार रखा जाएगा। कंपनी का मानना है कि यह विलय उसे दुनिया की अग्रणी AI-आधारित डिजिटल इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी सेवा कंपनियों में शामिल होने के लक्ष्य को तेजी से हासिल करने में मदद करेगा।


Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities