लोरियल ने घोषणा की है कि उसने भारत की व्यक्तिगत देखभाल (Personal care) ब्रांड्स वाली कंपनी इनोविस्ट में बहुमत हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक समझौता किया है। यह कदम भारत के तेजी से बढ़ते ब्यूटी उद्योग में लोरियल के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम माना जा रहा है। इस समझौते के तहत लोरियल को भविष्य में शेष अल्पसंख्यक शेयरधारकों को भी पूरी तरह खरीदने का अधिकार मिलेगा।
यह सौदा नियामक मंजूरी और अन्य औपचारिक शर्तों के बाद अगले कुछ महीनों में पूरा होने की उम्मीद है।
समझौते के अनुसार, इनोविस्ट की फाउंडिंग टीम अल्पसंख्यक शेयरधारक के रूप में बनी रहेगी और लोरियल इंडिया के साथ मिलकर कंपनी का संचालन और विस्तार करती रहेगी। इनोविस्ट के ब्रांड अब लोरियल के कंज्यूमर प्रोडक्ट्स डिवीजन के पोर्टफोलियो का हिस्सा होंगे।
लोरियल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निकोलस हिएरोनिमस (Nicolas Hieronimus) ने कहा, “भारत के इस नवाचार आधारित स्टार्टअप में हमारा निवेश, भारत में लोरियल के विस्तार के प्रति हमारी मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। लोरियल की वैश्विक विशेषज्ञता और इनोविस्ट के वैज्ञानिक रूप से विकसित उत्पादों और भारतीय उपभोक्ताओं की गहरी समझ को मिलाकर हम इस गतिशील बाजार में ब्यूटी के भविष्य को आकार देने के लिए तैयार हैं।”
कंज्यूमर प्रोडक्ट्स डिवीजन के अध्यक्ष फैब्रिस मेगारबेन (Fabrice Megarbane) ने कहा, “भारत दुनिया के सबसे रोमांचक और तेजी से बदलते ब्यूटी बाजारों में से एक है और यह साझेदारी हमें उसी विकास के केंद्र में लाती है। यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और हमारी महत्वाकांक्षा और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।” उन्होंने आगे कहा कि इनोविस्ट के साथ मिलकर हम लोरियल को डिजिटल रूप से जागरूक भारतीय उपभोक्ताओं के और करीब लाएंगे।
भारत में लोरियल के कंट्री मैनेजर Jacques Lebel ने भी इस साझेदारी को महत्वपूर्ण बताया।
2019 में स्थापित इनोविस्ट के फाउंडर रोहित चावला, सिफत खुराना और विमल भोला हैं। यह भारत की तेजी से बढ़ती साइंस-आधारित और डिजिटल-फर्स्ट पर्सनल केयर कंपनियों में से एक है। कंपनी का कहना है कि यह क्लीन फॉर्मुलेशन और पारदर्शी सामग्री पर आधारित है, और इसके पास मजबूत इन-हाउस रिसर्च एंड डेवलपमेंट और मैन्युफैक्चरिंग क्षमता है।
कंपनी के उत्पाद अपने खुद के D2C प्लेटफॉर्म, प्रमुख ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स चैनलों तथा देशभर के ऑफलाइन रिटेल नेटवर्क पर उपलब्ध हैं।
इनोविस्ट के सीईओ एवं फाउंडर रोहित चावला ने कहा, “हमने इनोविस्ट की शुरुआत इस विश्वास के साथ की थी कि भारतीय उपभोक्ताओं को वास्तविक विज्ञान पर आधारित और पारदर्शी ब्यूटी प्रोडक्ट्स मिलना चाहिए, और इन्हें भारत में वैश्विक मानकों के साथ बनाया जा सकता है। लोरियल के साथ यह साझेदारी इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाती है।”