बिना विदेश गए अमेरिकी यूनिवर्सिटी से कर सकेंगे AI में मास्टर्स, BIM ने UTA के साथ की साझेदारी

बिना विदेश गए अमेरिकी यूनिवर्सिटी से कर सकेंगे AI में मास्टर्स, BIM ने UTA के साथ की साझेदारी

बिना विदेश गए अमेरिकी यूनिवर्सिटी से कर सकेंगे AI में मास्टर्स, BIM ने UTA के साथ की साझेदारी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में बढ़ती मांग के बीच भारतीय कामकाजी पेशेवरों के लिए अमेरिकी यूनिवर्सिटी से मास्टर्स डिग्री हासिल करने का अवसर सामने आया है।


भारतीदासन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (BIM), तिरुचिरापल्ली और अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट अर्लिंग्टन (UTA) ने इसके लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत भारत में कामकाजी पेशेवरों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर बिजनेस में दो वर्षीय मास्टर ऑफ साइंस (MSAIB) प्रोग्राम शुरू किया जाएगा।

इस STEM-डिजाइनेटेड प्रोग्राम में हाइब्रिड लर्निंग, अमेरिकी फैकल्टी से पढ़ाई और एक सप्ताह का अमेरिका इमर्शन शामिल होगा। इसकी अनुमानित ट्यूशन फीस 27,000 अमेरिकी डॉलर रखी गई है। इसका उद्देश्य पेशेवरों को नौकरी जारी रखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और तकनीकी कौशल हासिल करने का अवसर देना है।

नौकरी के साथ कर सकेंगे अमेरिकी यूनिवर्सिटी से पढ़ाई

इस प्रोग्राम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा इंजीनियरिंग, जनरेटिव एआई और बिजनेस स्ट्रैटेजी जैसे विषय शामिल होंगे। इसका पाठ्यक्रम तकनीकी ज्ञान को बिजनेस मैनेजमेंट के व्यावहारिक इस्तेमाल से जोड़ने पर केंद्रित होगा। UTA अमेरिका की कार्नेगी R1 श्रेणी की रिसर्च यूनिवर्सिटी है। इस साझेदारी के माध्यम से भारतीय पेशेवरों को लंबे समय तक विदेश में रहने के बजाय भारत में रहते हुए अमेरिकी यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

हाइब्रिड लर्निंग के साथ एक सप्ताह का अमेरिका इमर्शन

दो वर्षीय प्रोग्राम में आठ सप्ताह के कोर्स मॉड्यूल होंगे। प्रत्येक मॉड्यूल में सात सप्ताह की ऑनलाइन पढ़ाई और एक सप्ताह का प्रत्यक्ष शिक्षण शामिल होगा। पढ़ाई UTA के फैकल्टी सदस्य कराएंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों को एक सप्ताह के अमेरिका इमर्शन का अवसर मिलेगा। इसमें अमेरिकी कंपनियों के दौरे, बिजनेस एग्जीक्यूटिव्स से बातचीत और उद्योगों में एआई के इस्तेमाल को समझने का मौका मिलेगा। प्रोग्राम में कैपस्टोन प्रोजेक्ट भी शामिल होगा, जिसके तहत विद्यार्थी वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों के लिए एआई आधारित समाधान तैयार करेंगे।

विदेश में पढ़ाई के बदलते विकल्पों के बीच साझेदारी

BIM के अनुसार, वीजा नीतियों, विदेश में शिक्षा और रहने की बढ़ती लागत तथा भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के विकल्प बदल रहे हैं। इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एजुकेशन की ओपन डोर्स 2025 रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में 2024-25 के दौरान लगभग 11.8 लाख अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी थे। हालांकि, नए अंतरराष्ट्रीय दाखिलों में 7 फीसदी और नए ग्रेजुएट दाखिलों में 15 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

ऑस्ट्रेलिया में अगस्त 2026 तक अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के नए दाखिलों में पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 12 फीसदी की कमी आई। वहीं, ब्रिटेन में जून 2026 को समाप्त वर्ष के दौरान भारतीय नागरिकों को जारी स्टडी वीजा में 16 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

इसके विपरीत, जापान में 2025 में अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की संख्या 4,08,069 रही, जो पिछले वर्ष से 21.2 फीसदी अधिक थी। दक्षिण कोरिया में भी यह संख्या 2024 के 2,08,962 से बढ़कर 2025 में 2,53,434 हो गई। ये आंकड़े अंतरराष्ट्रीय उच्च शिक्षा के बदलते भौगोलिक स्वरूप को दर्शाते हैं।

AI और बिजनेस मैनेजमेंट के बीच कौशल अंतर होगा कम

BIM के चेयरमैन, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स रवि अप्पास्वामी ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल आधुनिक कैंपस तैयार करना नहीं, बल्कि वैश्विक शैक्षणिक मानकों, रिसर्च और उद्योग से जुड़ी शिक्षा के माध्यम से अपनी पहचान मजबूत करना है।

BIM के डायरेक्टर डॉ. असित के. बर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिक्षा का भविष्य केवल विद्यार्थियों के विदेश जाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। फैकल्टी, पाठ्यक्रम और शैक्षणिक ज्ञान की अंतरराष्ट्रीय पहुंच भी जरूरी है। UTA के साथ साझेदारी भारतीय पेशेवरों को अपना करियर छोड़े बिना वैश्विक स्तर की एआई क्षमताएं विकसित करने का अवसर देगी।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब कंपनियों के कामकाज, निर्णय लेने और बिजनेस रणनीतियों को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में उद्योगों को ऐसे पेशेवरों की जरूरत है, जिनके पास तकनीकी ज्ञान के साथ प्रबंधन, रणनीतिक सोच और नेतृत्व क्षमता भी हो। BIM और UTA का यह प्रोग्राम इसी जरूरत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।


Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities