S&N by Shantnu Nikhil ने नई दिल्ली के छतरपुर स्थित में The Corridors में नया स्टोर लॉन्च कर भारत में अपने फ्लैगशिप स्टोर्स की संख्या बढ़ाकर 20 कर दी है। वहीं 1,405 वर्ग फुट में फैले इस स्टोर में ब्रांड के पुरुषों के लिए तैयार किए गए परिधानों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है। इसमें बंधगला, ड्रेप कुर्ता, स्ट्रक्चर्ड जैकेट और पारंपरिक व आधुनिक शैली के मिश्रण वाले परिधान शामिल हैं। इसके अलावा स्टोर में महिलाओं के लिए एक विशेष सेक्शन भी बनाया गया है, जहां कॉर्सेट-आधारित ड्रेस, डिजाइनर गाउन और ड्रेप स्टाइल वाले ईवनिंग वियर पेश किए गए हैं।
ब्रांड के फाउंडर शांतनु मेहरा और निखिल मेहरा ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा 'कूचर (Couture) से प्रेस्टिज प्रेट (Prestige Pret) ब्रांड तक का हमारा सफर स्वाभाविक और सोच-समझकर किया गया विस्तार है। हमारा उद्देश्य अपनी डिजाइन सोच को ऐसे फैशन प्रारूपों तक पहुंचाना है, जो आज के ग्राहकों की जीवनशैली और पहनावे के अनुरूप हों। S&N के जरिए हम केवल अपने स्टोर्स की संख्या नहीं बढ़ा रहे हैं, बल्कि भारत में अवसर आधारित फैशन (Occasion Wear) को नए तरीके से पेश कर रहे हैं।”
साल 2020 में शांतनु मेहरा और निखिल मेहरा द्वारा शुरू किए गए S&N by Shantnu Nikhil का उद्देश्य उनके कूचर डिजाइन दृष्टिकोण को आधुनिक अवसर आधारित फैशन में बदलना है। यह ब्रांड भारतीय पारंपरिक प्रेरणाओं को वैश्विक फैशन दृष्टिकोण के साथ जोड़ता है।
ब्रांड अपने उत्पादों को 'नियो-लक्जरी' श्रेणी में रखता है और अपने आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के अलावा Myntra Luxe और Pernia’s Pop-Up Shop जैसे मल्टी-ब्रांड प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भी ग्राहकों तक पहुंचाता है।