टाटा टेक्नोलॉजीज़ के पूर्व सीईओ और मैनेजिग डायरेक्टर (Managing Director) पैट्रिक रेमन मैकगोल्ड्रिक ने कंपनी में करीब 165 करोड़ (USD 18.6 मिलियन) मूल्य के शेयर बीएसई (BSE) पर ब्लॉक डील के जरिए बेच दिए हैं। मैकगोल्ड्रिक (McGoldrick) ने शुक्रवार को चार ट्रांजैक्शंस में 21 लाख शेयर बेचे, जो कंपनी में उनकी 0.51 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। शेयरों की औसत बिक्री कीमत ₹785 प्रति शेयर रही, जिससे कुल लेनदेन मूल्य ₹164.85 करोड़ रहा।
शेयर बिक्री के बाद टाटा टेक्नोलॉजीज़ (Tata Technologies) में मैकगोल्ड्रिक (McGoldrick) की हिस्सेदारी 1.13 प्रतिशत से घटकर 0.62 प्रतिशत रह गई है। ये शेयर आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड, 360 One Asset Management और Carnelian Asset Management & Advisors ने खरीदे। सभी खरीदारों ने समान संख्या में शेयर ₹785 प्रति शेयर की कीमत पर खरीदे।
शुक्रवार को BSE पर टाटा टेक्नोलॉजीज़ के शेयर 0.59 प्रतिशत गिरकर 799.85 पर बंद हुए। कंपनी के शेयर का 52-सप्ताह का उच्च स्तर ₹890.15 और निचला स्तर 507.50 रहा है।
मैकगोल्ड्रिक (McGoldrick) ने टाटा टेक्नोलॉजीज़ के साथ करीब दो दशक लंबे जुड़ाव के बाद सितंबर 2014 में सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर के पद से रिटायरमेंट लिया था। इसके बाद Warren Harris ने नवंबर 2017 में कंपनी के सीईओ का पद संभाला।
मैकगोल्ड्रिक (McGoldrick) वर्तमान में आरएनटी एसोसिएट्स इंटरनेशनल (RNT Associates International) में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं, जो रतन टाटा (Ratan Tata) से जुड़ी एक एडवाइजरी और इन्वेस्टमेंट फर्म है।
यह शेयर बिक्री टाटा टेक्नोलॉजीज़ के चौथी तिमाही के नतीजों के बाद हुई है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 8 प्रतिशत बढ़कर 204.17 करोड़ रहा, जबकि रेवेन्यू 1,572.22 करोड़ दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट ₹546.59 करोड़ रहा, जो वित्त वर्ष 2025 के ₹676.95 करोड़ से कम है।