Urban Company ने ₹2,500 करोड़ के QIP की शुरुआत की, 161.03 रुपये प्रति शेयर तय किया फ्लोर प्राइस

Urban Company ने ₹2,500 करोड़ के QIP की शुरुआत की, 161.03 रुपये प्रति शेयर तय किया फ्लोर प्राइस

Urban Company ने ₹2,500 करोड़ के QIP की शुरुआत की, 161.03 रुपये प्रति शेयर तय किया फ्लोर प्राइस
कंपनी संस्थागत निवेशकों से जुटाएगी 2,500 करोड़ रुपये तक की राशि, शेयर के फ्लोर प्राइस पर 5% तक की छूट देने का भी विकल्प


गुरुग्राम में स्थित होम सर्विसेज प्लेटफॉर्म Urban Company ने संस्थागत निवेशकों से फंड जुटाने के लिए अपना क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (क्यूआईपी) खोल दिया है। कंपनी ने इसके लिए प्रति इक्विटी शेयर 161.03 रुपये का फ्लोर प्राइस तय किया है। नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, कंपनी की फंड जुटाने वाली कमेटी ने 16 नवंबर को इस इश्यू को खोलने और प्रारंभिक प्लेसमेंट डॉक्यूमेंट को मंजूरी दी।

यह क्यूआईपी कंपनी की 2,500 करोड़ रुपये तक की फंड जुटाने की योजना का हिस्सा है। कंपनी के बोर्ड ने 16 अक्टूबर 2026 को इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके बाद शेयरधारकों ने भी पोस्टल बैलेट के माध्यम से इस फंड जुटाने की योजना को मंजूरी दे दी थी।

शेयर पर 5% तक की छूट देने का विकल्प

Urban Company ने फ्लोर प्राइस सेबी के आईसीडीआर (इश्यू ऑफ कैपिटल एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स) नियमों में निर्धारित मूल्य निर्धारण फॉर्मूले के अनुसार तय किया है। कंपनी के पास फ्लोर प्राइस पर 5% तक की छूट देने का विकल्प भी है।

शेयर का अंतिम इश्यू प्राइस बुक रनिंग लीड मैनेजर्स के साथ मिलकर तय किया जाएगा। हालांकि, कंपनी ने अभी तक अंतिम इश्यू प्राइस और आवंटित किए जाने वाले शेयरों की संख्या का खुलासा नहीं किया है।

1,025 करोड़ रुपये अधिग्रहण और विस्तार पर होंगे खर्च

कंपनी की कुल फंड जुटाने की योजना में से लगभग 1,025 करोड़ रुपये यानी 41% राशि नए कारोबार के अधिग्रहण और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों पर खर्च की जाएगी। कंपनी भारत के साथ-साथ अपने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय बाजारों, जिनमें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और सिंगापुर शामिल हैं, में अधिग्रहण के अवसर तलाश सकती है।

शेष 1,475 करोड़ रुपये यानी कुल फंड का 59% हिस्सा कंपनी अपने मौजूदा कारोबार को मजबूत करने और विस्तार करने पर खर्च करेगी। इसके तहत अलग-अलग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए राशि निर्धारित की गई है।

InstaHelp और टेक्नोलॉजी पर बढ़ेगा निवेश

Urban Company 600 करोड़ रुपये यानी कुल फंड का 24% हिस्सा अपने InstaHelp कारोबार के लिए सर्विस प्रोवाइडर्स का नेटवर्क और सप्लाई इकोसिस्टम मजबूत करने पर खर्च करेगी। InstaHelp कंपनी का इंस्टेंट होम सर्विसेज बिजनेस है।

इसके अलावा, 540 करोड़ रुपये (21.6%) मार्केटिंग और ब्रांड निर्माण पर, 200 करोड़ रुपये (8%) टेक्नोलॉजी और प्लेटफॉर्म क्षमताओं को बेहतर बनाने पर तथा 85 करोड़ रुपये (3.4%) सर्विस प्रोफेशनल्स के लिए ट्रेनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर खर्च किए जाएंगे। कंपनी 50 करोड़ रुपये (2%) अपने Native प्रोडक्ट्स के रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आरएंडडी) पर भी लगाएगी।

InstaHelp में निवेश के बीच बढ़ा घाटा

Urban Company प्रतिस्पर्धी कंपनियों Snabbit और Pronto से मिल रही चुनौती के बीच अपने InstaHelp कारोबार में लगातार निवेश कर रही है। कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही यानी सितंबर तिमाही में उसका ऑपरेटिंग रेवेन्यू सालाना आधार पर 41.4% बढ़कर 537.29 करोड़ रुपये हो गया।

हालांकि, इस दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट लॉस बढ़कर 182.48 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 59.33 करोड़ रुपये था। घाटे में इस बढ़ोतरी की प्रमुख वजह InstaHelp कारोबार में किए जा रहे निवेश को माना गया है। 30 सितंबर 2026 तक Urban Company के पास 1,901 करोड़ रुपये की नकदी और ट्रेजरी निवेश मौजूद था।


Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities