वियतनाम सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों पर विशेष उपभोग कर में दी गई छूट को लगभग चार साल बढ़ाकर 2030 तक करने की योजना बना रही है। इस प्रस्ताव को संसद की मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा, जिसका उद्देश्य ईवी बिक्री बढ़ाना और उत्सर्जन कम करना है।
वियतनाम ने मार्च 2022 में ईवी पर टैक्स को 4%–11% से घटाकर 1%–3% कर दिया था, जिसकी अवधि फरवरी 2027 में समाप्त होने वाली है। इस कटौती के बाद ईवी बिक्री में जबरदस्त उछाल आया है 2022 में करीब 7,000 यूनिट से बढ़कर पिछले साल लगभग 1.75 लाख यूनिट तक पहुंच गई।
सरकार के अनुसार, हर एक ईवी पारंपरिक इंटरनल कंबशन इंजन वाहनों की तुलना में सालाना करीब 0.85 मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम करता है, जो देश के 2050 नेट-जीरो लक्ष्य में योगदान दे रहा है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि टैक्स प्रोत्साहन जारी रखने से स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, उत्सर्जन घटेगा और खासकर बड़े शहरों में वायु क्वालिटी में सुधार होगा। इसके अलावा, सरकार ने ईवी के लिए पहली बार रजिस्ट्रेशन फीस में छूट को भी फरवरी 2027 तक बढ़ा दिया है।