उत्तर प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने यह बात Entrepreneur Game Changer Awards 2026 के दौरान आयोजित विशेष सत्र "Mission Trillion Dollar UP: Building the Growth Engine of New India" को संबोधित करते हुए कही। लखनऊ के Hotel Renaissance में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, Entrepreneur India के एडिटोरियल डायरेक्टर सचिन मार्या, संपादक संजीव झा, सहित उद्योग जगत के सीनियर लीडर्स, निवेशकों, स्टार्टअप संस्थापकों और नीति-निर्माताओं ने भाग लिया।
राकेश सचान ने Entrepreneur India द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल पुरस्कार समारोह नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की प्रतिभा, नवाचार और उद्यमशीलता को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाला प्रभावशाली मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नए उद्यमियों को प्रेरित करने के साथ-साथ राज्य में निवेश और नवाचार की संस्कृति को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। बेहतर कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, आधुनिक कनेक्टिविटी, डिजिटल गवर्नेंस और Ease of Doing Business सुधारों ने राज्य को निवेशकों के लिए भरोसेमंद गंतव्य बनाया है। उन्होंने बताया कि ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के माध्यम से प्राप्त बड़े निवेश प्रस्ताव अब तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं और राज्य के सभी 75 जिलों में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हो रही है।
निवेश और MSME से मिल रही आर्थिक विकास को नई रफ्तार
एमएसएमई क्षेत्र को राज्य की अर्थव्यवस्था का सबसे मजबूत आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि कृषि के बाद सबसे अधिक रोजगार इसी क्षेत्र से मिलता है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं। सरकार बिना गारंटी और ब्याज मुक्त ऋण जैसी योजनाओं के माध्यम से युवा उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि लगभग 1.70 लाख युवा इस पहल से लाभान्वित होकर अपने उद्यम शुरू कर चुके हैं।
राकेश सचान ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप और इनोवेशन का इकोसिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है। पहली पीढ़ी के उद्यमियों में बढ़ता आत्मविश्वास राज्य की बड़ी उपलब्धि है। सरकार केवल उद्योग स्थापित करने पर नहीं, बल्कि ऐसा उद्यमिता इकोसिस्टम विकसित करने पर जोर दे रही है, जहां युवाओं को वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण, बाजार और निवेश तक समग्र सहयोग मिल सके।
उन्होंने बताया कि MSME-2022 नीति और नई टेक्सटाइल नीति के तहत युवाओं को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। नए उद्योग स्थापित करने वालों को 25 प्रतिशत तक पूंजी अनुदान तथा ब्याज पर 50 प्रतिशत तक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही टेक्सटाइल एवं गारमेंट सेक्टर में रोजगार बढ़ाने के लिए युवाओं को विशेष सब्सिडी देने की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े।
टेक्सटाइल सेक्टर और ODOP से स्थानीय उद्योगों को मिलेगा वैश्विक विस्तार
टेक्सटाइल क्षेत्र की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि लखनऊ और हरदोई के बीच लगभग 1,000 एकड़ में पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा संत कबीर टेक्सटाइल पार्क जैसी परियोजनाएं भी राज्य में टेक्सटाइल निवेश और रोजगार को नई गति देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश देश का प्रमुख टेक्सटाइल हब बनकर उभरेगा।
साथ ही राकेश सचान ने कहा कि 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP)' योजना ने राज्य के पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई है। अब सरकार 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन (ODOC)' अभियान के माध्यम से प्रत्येक जिले के स्थानीय व्यंजनों और खाद्य उत्पादों को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। इससे पर्यटन, स्थानीय उद्यमिता और रोजगार को नई गति मिलेगी।
राकेश सचान ने बताया कि राज्य सरकार सभी 75 जिलों में आधुनिक औद्योगिक एवं रोजगार क्षेत्रों के विकास की योजना पर कार्य कर रही है। प्रत्येक जिले में विकसित होने वाले इन औद्योगिक क्षेत्रों में छोटे और मध्यम उद्यमियों को भूमि, आधुनिक बुनियादी सुविधाएं और सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से सभी आवश्यक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया और अधिक सरल एवं पारदर्शी बनेगी।
'मिशन ट्रिलियन डॉलर उत्तर प्रदेश' को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
अपने संबोधन के समापन में उन्होंने कहा कि "मिशन ट्रिलियन डॉलर उत्तर प्रदेश" केवल सरकार की योजना नहीं, बल्कि उद्योग जगत, निवेशकों और प्रदेशवासियों का साझा संकल्प है। उद्योगों का विस्तार ही रोजगार, आर्थिक विकास और विकसित भारत के लक्ष्य को गति देगा। उन्होंने देशभर के उद्योगपतियों और निवेशकों से उत्तर प्रदेश के विकास अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
अंत में राकेश सचान ने Entrepreneur India के एडिटोरियल डायरेक्टर सचिन मार्या, संपादक संजीव झा, आयोजन समिति और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मंच सरकार, उद्योग और उद्यमियों के बीच संवाद को मजबूत करते हैं तथा उत्तर प्रदेश को भारत की ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का प्रमुख ग्रोथ इंजन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।