इलेक्ट्रिक व्हीकल डे के मौके पर BGauss के फाउंडर हेमंत कबरा से खास बातचीत में उन्होंने कंपनी के ईवी सफर, इंडस्ट्री की शुरुआती चुनौतियों और नए प्रीमियम लाइफस्टाइल इलेक्ट्रिक स्कूटर के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के भविष्य और ईवी अपनाने की जरूरत पर भी अपना विजन बताया।
मैं आपसे जानना चाहूंगी कि आपने इस सफर की शुरुआत कैसे की? आपने इलेक्ट्रिक व्हीकल इंडस्ट्री में आने का फैसला कैसे लिया? जब ज्यादातर लोग एक ही दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं, तो आपने क्या अलग करने का फैसला किया?
हेमंत कबरा: जब मैंने 2019-20 में इस इंडस्ट्री को देखा, तब हमें लग रहा था कि यह एक ऐसा सेक्टर है जहां इंटरनल कंबशन इंजन (ICE) से इलेक्ट्रिक व्हीकल की ओर बड़ा ट्रांजिशन होने वाला है। मुझे लगा कि इस बदलाव को पूरी तरह स्थापित होने में करीब 8-10 साल का समय लगेगा और उसके बाद यह इंडस्ट्री तेजी से आगे बढ़ेगी।
अब ऐसा लगता है कि पिछले 6-7 वर्षों में इस सेक्टर ने काफी तैयारी कर ली है और आज यह इंडस्ट्री प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह तैयार है।
हम 2019-20 में ही स्पष्ट थे कि ऑटोमोबाइल सेक्टर में बड़ा बदलाव आने वाला है। दूसरा, यह करीब 2 लाख करोड़ से ज्यादा का एक बड़ा सेक्टर है। अगर आने वाले एक दशक में इस पूरे सेक्टर में बदलाव होने वाला है, तो हमें लगा कि इसमें प्रवेश करने का यह सही समय और सही अवसर है।
जब आपने यह बिजनेस शुरू किया, तो आपको किन चुनौतियों या मुश्किलों का सामना करना पड़ा?
हेमंत कबरा: जब हमने 2019-20 में यह बिजनेस शुरू किया था, तब भारत में बहुत कम कंपनियों ने इलेक्ट्रिक व्हीकल प्रोडक्ट लॉन्च किए थे। उस समय सबसे बड़ी चुनौती सही टैलेंट की थी।
किसी भी बिजनेस को आगे बढ़ाने, प्रोडक्ट डेवलपमेंट करने और पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक चलाने के लिए बेहतरीन टैलेंट की जरूरत होती है। उस समय EV सेक्टर में अनुभवी और अच्छे टैलेंट की संख्या बहुत कम थी। यह हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती थी।
हालांकि, हमने इस चुनौती को काफी अच्छी तरह से पार किया और आज मैं कह सकता हूं कि इंडस्ट्री के बेहतरीन लोगों में से कई हमारे साथ काम कर रहे हैं।
आपने इससे पहले भी कई इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किए हैं। इस नए स्कूटर में क्या अलग है?
हेमंत कबरा: सी12 मैक्सआर (C12 MaxR) इलेक्ट्रिक स्कूटर स्कूटर में कई चीजें अलग हैं। यह एक प्रीमियम स्कूटर है। इसकी टॉप स्पीड 75 किलोमीटर प्रति घंटा है और यह 178 किलोमीटर तक की रेंज देता है। इसमें क्रिस्टलीन डिजाइन दिया गया है। इसके अलावा इसमें अच्छा बूट स्पेस, TFT स्क्रीन, कनेक्टेड ऐप और कई स्मार्ट फीचर्स दिए गए हैं। यह एक लाइफस्टाइल प्रोडक्ट है और बीगॉस (BGauss) के पहले प्रीमियम लाइफस्टाइल स्कूटर्स में से एक है।
स्कूटर में बूट स्पेस भी काफी अच्छा देखने को मिलता है। क्या इसे खासतौर पर ज्यादा सामान रखने के हिसाब से डिजाइन किया गया है?
हेमंत कबरा: बिल्कुल। आमतौर पर इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में बूट स्पेस काफी सीमित होता है। उसमें मुश्किल से हेलमेट या चार्जर ही रखा जा सकता है। लेकिन इस स्कूटर में आपको काफी अच्छा बूट स्पेस मिलता है। इसमें इलेक्ट्रिक चार्जर के साथ-साथ आप अपनी शॉपिंग का सामान भी रख सकते हैं। इसमें हैंड बैग आसानी से रखे जा सकते हैं।
आपका डीलर और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क कितना बड़ा है?
हेमंत कबरा: हमारा डीलर नेटवर्क बहुत तेजी से बढ़ रहा है। आज हमारे साथ करीब 225 डीलर्स हैं, जो अलग-अलग बाजारों में हमारे प्रोडक्ट बेच रहे हैं।
इलेक्ट्रिक व्हीकल डे के मौके पर आप क्या संदेश देना चाहेंगे?
हेमंत कबरा: यह बहुत अच्छा दिन है। मुझे लगता है कि यह ग्रीन एनर्जी की दिशा में एक बड़ा कदम है। आज पूरी दुनिया में कई तरह के संघर्ष चल रहे हैं और तेल की कीमतों और ऊर्जा पर भी इसका बड़ा प्रभाव पड़ता है।
मेरा मानना है कि इलेक्ट्रिक व्हीकल ही भविष्य हैं और हमें इन्हें जल्द से जल्द अपनाना चाहिए। साथ ही यह भी जरूरी है कि ईवी इंडस्ट्री अच्छी तरह से और टिकाऊ तरीके से आगे बढ़े। हमें खुशी है कि हमने इस खास दिन पर अपना लाइफस्टाइल इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किया है।