लग्जरी कार निर्माता बीएमडब्ल्यू इंडिया ने भारत में अपनी नई i5 Long Wheelbase (LWB) इलेक्ट्रिक सेडान लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 79.6 लाख रखी गई है। कार का उत्पादन
बीएमडब्ल्यू ग्रुप प्लांट चेन्नई में स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है और इसकी डिलीवरी भी शुरू हो गई है। ग्राहक इसे BMW डीलरशिप और कंपनी की वेबसाइट के जरिए बुक कर सकते हैं।
BMW i5 LWB को eDrive35L M Sport वेरिएंट में पेश किया गया है, जबकि First Edition की कीमत भी 79.6 लाख है। First Edition की केवल 99 यूनिट उपलब्ध थीं और कंपनी के अनुसार, आधिकारिक लॉन्च से पहले ही सभी यूनिट बिक चुकी हैं। कंपनी इस मॉडल के लिए 79,999 से शुरू होने वाली मासिक ईएमआई (EMI) और चार साल की अवधि के बाद 55 प्रतिशत के सुनिश्चित बायबैक मूल्य वाला फाइनेंस प्लान भी दे रही है।
BMW i5 LWB में 81.6kWh बैटरी पैक दिया गया है, जो एमआईडीसी (MIDC) टेस्ट साइकिल के तहत 669km तक की रेंज प्रदान करता है। इसमें सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो 268hp की पावर और 410Nm का टॉर्क जनरेट करती है। कार 0-100kph की रफ्तार 6.7 सेकंड में पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 195kph है। यह 160kW तक DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है, जिससे 10-80 प्रतिशत चार्जिंग में 33 मिनट लगने का दावा है।
आकार की बात करें तो i5 LWB की लंबाई 5,175mm, चौड़ाई 2,156mm और ऊंचाई 1,520mm है, जबकि इसका व्हीलबेस 3,105mm है। केबिन में 12.3-इंच इंफॉर्मेशन डिस्प्ले और 14.9-इंच कंट्रोल डिस्प्ले के साथ BMW Curved Display दिया गया है। इसमें स्टैंडर्ड तौर पर वेगन अपहोल्स्ट्री, फ्रंट-सीट वेंटिलेशन, Sky Lounge पैनोरमिक ग्लास सनरूफ, फोर-जोन एयर कंडीशनिंग और Bowers & Wilkins सराउंड साउंड सिस्टम मिलता है।
फीचर्स और सेफ्टी के लिहाज से BMW i5 LWB में BMW Operating System 8.5, Intelligent Personal Assistant, Remote Software Upgrades और MyBMW App का सपोर्ट है। Digital Key Plus के जरिए स्मार्टफोन या स्मार्टवॉच को वाहन की चाबी के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। सुरक्षा के लिए आठ एयरबैग, Active Cruise Control, Parking Assistant Professional, Remote Parking, Lane Change Warning, Cross Traffic Warning और Front-Rear Collision Warning जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कार की स्टैंडर्ड वारंटी दो साल की है, जबकि हाई-वोल्टेज बैटरी पर आठ साल या 1.6 लाख किलोमीटर की वारंटी मिलती है।