इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता Ola Electric Mobility Limited ने 1,500 करोड़ तक की पूंजी जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। कंपनी ने शनिवार को स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने फंड जुटाने के लिए सक्षम प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसी बैठक में कंपनी के चीफ ऑपरेशंस ऑफिसर (COO) और सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल Hyun Shik Park के तत्काल प्रभाव से इस्तीफे की भी जानकारी दी गई।
कंपनी के अनुसार, ह्यून शिक पार्क (Hyun Shik Park) ने निजी कारणों का हवाला देते हुए 5 सितंबर 2026 को कारोबारी घंटे खत्म होने के साथ सीओओ (COO) और सीनियर मैनेजमेंट पर्सनेल के पद से इस्तीफा दिया। उनके इस्तीफे के बाद कंपनी के ऑपरेशनल नेतृत्व में बदलाव हुआ है।
फंड जुटाने की योजना के तहत ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) कुल 1,500 करोड़ तक की पूंजी इक्विटी शेयरों या इक्विटी-लिंक्ड कन्वर्टिबल सिक्योरिटीज के जरिए जुटा सकती है। कंपनी इसके लिए क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP), राइट्स इश्यू, फर्दर पब्लिक ऑफर (FPO), प्राइवेट प्लेसमेंट और कन्वर्टिबल डिबेंचर सहित विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है।
संभावित इक्विटी विस्तार को देखते हुए बोर्ड ने कंपनी की अधिकृत शेयर पूंजी बढ़ाने को भी मंजूरी दी है। इसे ₹8,318,49,98,850 से बढ़ाकर 8,721,87,34,420 किया जाएगा। इसके लिए कंपनी के मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन (MOA) के Clause V में संबंधित संशोधन किया जाएगा।
इसके अलावा, बोर्ड ने दो नॉन-एग्जीक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स मनोज कुमार कोहली और श्रद्धा शर्मा की दोबारा नियुक्ति को भी मंजूरी दी है। दोनों का दूसरा पांच साल का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 से शुरू होकर 5 दिसंबर 2031 तक रहेगा।