वेकेशन रेंटल और मैनेज्ड हॉलिडे होम प्लेटफॉर्म SaffronStays ने 3.5 मिलियन डॉलर (लगभग ₹30 करोड़) की ग्रोथ कैपिटल फंडिंग जुटाई है। इस निवेश राउंड का नेतृत्व Infinity Ventures ने किया, जबकि कई प्रमुख फैमिली ऑफिसेज ने भी इसमें भागीदारी की। इस राउंड में नई पूंजी के साथ-साथ मौजूदा निवेशक Sixth Sense Ventures द्वारा आंशिक सेकेंडरी सेल भी शामिल रही।
कंपनी ने बताया कि इस नई फंडिंग का उपयोग अपने अगले विकास चरण को गति देने के लिए किया जाएगा। इसके तहत स्थापित और उभरते पर्यटन स्थलों में विस्तार, नई तकनीकों और उत्पाद नवाचार में निवेश, ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाना तथा भारत में अपने प्रीमियम मैनेज्ड हॉलिडे होम पोर्टफोलियो को मजबूत करना शामिल है।
प्रमुख बाजारों में तेज़ी से बढ़ा कारोबार
पिछले दो वित्तीय वर्षों के दौरान SaffronStays ने अपने प्रमुख बाजारों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। कंपनी के अनुसार, उत्तर भारत में उसकी इन्वेंट्री में 70 प्रतिशत, दक्षिण भारत में 90 प्रतिशत और गोवा में 200 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इससे कंपनी की मौजूदगी देश के तेजी से बढ़ते स्टेकेशन और हॉलिडे होम बाजारों में और मजबूत हुई है।
लगातार चार वर्षों से लाभ में कंपनी
तेजी से विस्तार के बावजूद SaffronStays ने लाभप्रदता पर अपना ध्यान बनाए रखा है। कंपनी लगातार चार वर्षों से लाभ में रही है, जो एक टिकाऊ और दीर्घकालिक मूल्य सृजन वाले हॉस्पिटैलिटी बिजनेस के निर्माण की उसकी रणनीति को दर्शाता है।
SaffronStays के, को-फाउंडर देवेंद्र परुळेकर ( Devendra Parulekar) ने कहा, “हमने हमेशा किसी भी कीमत पर वृद्धि हासिल करने के बजाय एक टिकाऊ और लाभदायक हॉस्पिटैलिटी प्लेटफॉर्म बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है। पिछले तीन वर्षों में हमने अपने पोर्टफोलियो का 150 प्रतिशत से अधिक विस्तार किया है और आज हमारी कुल आय का आधे से अधिक हिस्सा प्रीमियम हॉलिडे होम्स से आता है। इस दौरान हम लाभप्रद बने रहे और तकनीक, संचालन तथा ग्राहक अनुभव में लगातार निवेश करते रहे। नई फंडिंग हमें इन निवेशों को और तेज़ करने में मदद करेगी।”
डायरेक्ट बुकिंग मॉडल को मिल रही सफलता
कंपनी ने बताया कि उसकी डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (D2C) रणनीति लगातार मजबूत हो रही है। वर्तमान में कंपनी के कुल कारोबार का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा सीधे बुकिंग से आता है। इसके अलावा, हाल ही में लॉन्च किए गए मोबाइल ऐप को भी ग्राहकों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
अनुभव आधारित यात्रा की बढ़ रही मांग
SaffronStays के को-फाउंडर तेजस परुळेकर (Tejas Parulekar) ने कहा, “भारत का हॉलिडे होम सेक्टर लंबे समय में बड़ी संभावनाएं रखता है। हमारी लगभग 70 प्रतिशत बुकिंग सीधे ग्राहकों से आती है और अनुभव-आधारित यात्रा (Experiential Travel) की मांग लगातार बढ़ रही है। हमारा लक्ष्य पांच क्षेत्रीय बिजनेस यूनिट्स स्थापित करना है, जिनमें से प्रत्येक सालाना ₹100 करोड़ का कारोबार करने में सक्षम हो।”
प्रीमियम और एक्सपीरियंस-आधारित हॉस्पिटैलिटी पर जोर
कंपनी ने प्रीमियम और अनुभव-आधारित हॉस्पिटैलिटी सेवाओं पर भी अपना ध्यान बढ़ाया है। अब उसकी आय का बड़ा हिस्सा प्रीमियम हॉलिडे होम्स, विशेष अनुभवों और डेस्टिनेशन-आधारित स्टे से आ रहा है, जो यात्रियों की बदलती पसंद और अपेक्षाओं को पूरा करते हैं।
भारत में तेजी से बढ़ रहा हॉलिडे होम बाजार
यह फंडिंग ऐसे समय में आई है जब भारत का अवकाश पर्यटन (Leisure Travel) और हॉलिडे होम बाजार तेजी से बढ़ रहा है। व्यक्तिगत अनुभवों पर आधारित यात्राओं, वैकल्पिक आवास विकल्पों और प्रीमियम स्टे की बढ़ती मांग इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है। ऐसे में SaffronStays इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने विस्तार और बाजार नेतृत्व को और मजबूत करने की तैयारी कर रहा है।