हम भारत के सॉवरेन AI इकोसिस्टम को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं: रोशनी नादर मल्होत्रा

हम भारत के सॉवरेन AI इकोसिस्टम को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं: रोशनी नादर मल्होत्रा

हम भारत के सॉवरेन AI इकोसिस्टम को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं: रोशनी नादर मल्होत्रा
डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के विजन के तहत HCLTech ने ओडिशा सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।


इसके तहत कंपनी भुवनेश्वर में एक विश्वस्तरीय ग्लोबल टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करेगी, जहां वैश्विक कंपनियों के लिए AI आधारित डिजिटल समाधान विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही HCLTech, ओडिशा के प्रस्तावित सॉवरेन AI पार्क में अपना पहला AI डेटा सेंटर भी स्थापित करेगी।

HCLTech की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा ने कहा, "HCLTech लंबे समय से भारत के टेक्नोलॉजी सेक्टर की अग्रणी कंपनियों में रही है। डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के विजन के अनुरूप हमारा लक्ष्य भारत के सॉवरेन AI इकोसिस्टम को मजबूत करना है। इसके लिए हम AI वैल्यू चेन में निवेश और रणनीतिक साझेदारियों के माध्यम से नई तकनीकी क्षमताएं विकसित कर रहे हैं।"

कंपनी का नया ग्लोबल टेक्नोलॉजी सेंटर ओडिशा के प्रस्तावित AI डेटा सेंटर के साथ मिलकर काम करेगा। इस टेक्नोलॉजी सेंटर में लगभग 5,000 लोगों को रोजगार मिलेगा और इसके 2028 तक शुरू होने की उम्मीद है। AI डेटा सेंटर Sarvam और ओडिशा सरकार के सहयोग से बनाया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 14,257 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिसमें ओडिशा सरकार की वित्तीय सहायता भी शामिल होगी।

HCLTech के CEO और MD सी. विजयकुमार ने कहा, "यह हमारी फुल-स्टैक AI रणनीति का एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारत में सॉवरेन AI समाधानों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी और Sarvam के साथ हमारी रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिलेगी। ओडिशा बेहतर बुनियादी ढांचे और प्रगतिशील नीतियों के कारण इस परियोजना के लिए उपयुक्त स्थान है।"

कंपनी का कहना है कि यह निवेश भारत के सॉवरेन AI मिशन और स्थानीय डेवलपर इकोसिस्टम को मजबूत करेगा। HCLTech की फुल-स्टैक AI क्षमताओं और Sarvam के फाउंडेशन मॉडल की मदद से निजी और सरकारी संस्थानों के लिए विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार AI समाधान विकसित किए जाएंगे। साथ ही, देश के अंतिम छोर तक बहुभाषी AI सेवाएं पहुंचाने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

HCLTech के अनुसार, नए ग्लोबल टेक सेंटर केवल प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार ही नहीं बढ़ाएंगे, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को नई पीढ़ी के तकनीकी कौशल (Next-Generation Skills) भी प्रदान करेंगे। इसके लिए कंपनी स्थानीय शैक्षणिक संस्थानों और राज्य सरकार के साथ मिलकर प्रशिक्षण और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम चलाएगी।

HCLTech के COO (कॉर्पोरेट फंक्शंस) राहुल सिंह ने कहा, "हम भारत के विभिन्न राज्यों में अपनी मौजूदगी बढ़ा रहे हैं ताकि प्रतिभाओं को उनके अपने क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकें। ओडिशा में उत्कृष्ट बुनियादी ढांचा और प्रतिभाशाली युवाओं का बड़ा आधार मौजूद है। हम भुवनेश्वर को अपने प्रमुख वैश्विक इनोवेशन और डिलीवरी हब के रूप में विकसित करना चाहते हैं।"

कंपनी की इस नई परियोजना से भुवनेश्वर को भारत के उभरते हुए प्रमुख टेक्नोलॉजी हब के रूप में और मजबूती मिलेगी। वर्तमान में HCLTech भारत में 1.70 लाख से अधिक कर्मचारियों के साथ नोएडा, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, पुणे, लखनऊ, नागपुर, मदुरै, विजयवाड़ा और GIFT City सहित कई शहरों में अपने टेक्नोलॉजी कैंपस और सेंटर संचालित कर रही है। प्रस्तावित ओडिशा सॉवरेन AI पार्क हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग, भारतीय AI मॉडल और वास्तविक उपयोग वाले AI अनुप्रयोगों को एक साथ जोड़ने का काम करेगा।

हाल ही में HCLTech ने गुजरात के GIFT City में भी अपना नया ग्लोबल टेक्नोलॉजी सेंटर शुरू करने की घोषणा की थी। यह सेंटर वित्तीय सेवा क्षेत्र की वैश्विक कंपनियों के लिए AI आधारित समाधान विकसित करेगा और अगली पीढ़ी की तकनीकों तथा प्रतिभा विकास का केंद्र बनेगा।

इसके अलावा, HCLTech ने आईआईटी गांधीनगर और गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (GTU) के साथ भी समझौते किए हैं। इन साझेदारियों के तहत वित्तीय सेवाओं में AI, संबंधित सॉफ्टवेयर, स्किल डेवलपमेंट और शोध पर काम किया जाएगा। साथ ही छात्रों और शिक्षकों को उद्योग के साथ काम करने का व्यावहारिक अनुभव और वैश्विक डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन परियोजनाओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

कंपनी का मानना है कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते टेक्नोलॉजी बाजारों में से एक है। देश में डेटा सेंटर इकोसिस्टम भी तेजी से विकसित हो रहा है, जिसका प्रमुख कारण डिजिटल अर्थव्यवस्था का विस्तार, डेटा लोकलाइजेशन की बढ़ती जरूरत और AI ट्रेनिंग व इंफरेंस के लिए हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग (GPU) की बढ़ती मांग है। इसी को देखते हुए HCLTech भारत में AI इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल इनोवेशन को मजबूत करने के लिए लगातार निवेश कर रही है।


Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities