टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (TKM) ने भारत में अपनी प्रतिष्ठित पिकअप ऑल-न्यू नाइंथ-जनरेशन Hilux को लॉन्च कर दिया है। कंपनी का कहना है कि नई Hilux को मजबूती, विश्वसनीयता और बेहतरीन प्रदर्शन के साथ विकसित किया गया है। IMV प्लेटफॉर्म पर आधारित यह पिकअप शहरी उपयोग, भारी-भरकम कार्यों और ऑफ-रोड एडवेंचर—तीनों जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ मसाकाजू योशिमुरा ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य ग्राहकों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भरोसेमंद और टिकाऊ मोबिलिटी समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नई Hilux कंपनी के "Mobility for All" विजन को और मजबूत करती है तथा ग्राहकों को विश्वसनीय और दमदार वाहन उपलब्ध कराती है।
वहीं, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर तदाशी असाजुमा ने कहा कि ऑल-न्यू Hilux पहले से अधिक मजबूत, स्मार्ट और आकर्षक डिजाइन के साथ आई है। यह वाहन उपयोगिता और लाइफस्टाइल का बेहतरीन मेल है और बदलती ग्राहक अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
दमदार इंजन और 4X4 क्षमता
नई Hilux में 2.8-लीटर BS6 फेज-2 डीजल इंजन दिया गया है, जो 150 kW की पावर और 500 Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है। इसे 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है। इसमें 80 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा आसान हो जाती है।
ऑफ-रोड ड्राइविंग के लिए इसमें 4X4 ड्राइव सिस्टम, High (H4) और Low (L4) मोड, इलेक्ट्रॉनिक डिफरेंशियल लॉक, डाउनहिल असिस्ट कंट्रोल (DAC) और बेहतर सस्पेंशन सेटअप दिया गया है, जिससे कठिन रास्तों पर भी बेहतर नियंत्रण मिलता है।
आधुनिक डिजाइन और प्रीमियम केबिन
नई Hilux को "Tough & Agile" डिजाइन कॉन्सेप्ट पर तैयार किया गया है। इसमें नया फ्रंट बंपर, पियानो ब्लैक एक्सेंट, LED हेडलैंप, LED फॉग लैंप, डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs), अलॉय व्हील्स, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल एवं रिट्रैक्टेबल ORVMs, LED रियर लाइट्स और शार्क-फिन एंटीना दिया गया है।
इंटीरियर में सॉफ्ट-टच अपहोल्स्ट्री, मेटैलिक फिनिश, 60:40 स्प्लिट रियर सीट्स, टिल्ट एवं टेलीस्कोपिक स्टीयरिंग, वायरलेस चार्जर, स्मार्ट एंट्री, पुश स्टार्ट/स्टॉप, क्रूज़ कंट्रोल, PM2.5 एयर फिल्टर और Eco, Normal एवं Sport ड्राइव मोड जैसे फीचर्स शामिल हैं।
कनेक्टेड टेक्नोलॉजी और सुरक्षा
नई Hilux में 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो Apple CarPlay और Android Auto को सपोर्ट करता है। इसके साथ Toyota i-Connect, मल्टी-इन्फॉर्मेशन TFT डिस्प्ले, वॉयस रिकग्निशन, स्टीयरिंग-माउंटेड कंट्रोल और 8-स्पीकर ऑडियो सिस्टम भी मिलता है।
सुरक्षा के लिहाज से इसमें 7 SRS एयरबैग, व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल (VSC), ABS के साथ ब्रेक असिस्ट, इमरजेंसी ब्रेक सिग्नल, ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), पैनोरमिक व्यू मॉनिटर, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर तथा GOA बॉडी स्ट्रक्चर जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
बेहतर ओनरशिप अनुभव
टोयोटा का कहना है कि नई Hilux के साथ ग्राहकों को कंपनी का मजबूत Assured Service नेटवर्क और व्यापक आफ्टर-सेल्स सपोर्ट मिलेगा, जिससे उन्हें लंबे समय तक भरोसेमंद और सहज ओनरशिप अनुभव प्राप्त होगा।