बेंगलुरु में स्थित क्लीनटेक स्टार्टअप altM ने सीरीज A फंडिंग राउंड में 10.3 मिलियन डॉलर जुटाए हैं। इस राउंड का नेतृत्व नए निवेशकों Rainmatter (Zerodha) और Mela Ventures ने किया। इसके अलावा कंपनी के मौजूदा निवेशकों Omnivore, Theia Ventures, Aureolis Ventures और Spectrum Impact ने भी इसमें भाग लिया। इससे पहले कंपनी ने वर्ष 2023 में सीड राउंड के तहत 3.5 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई थी।
कंपनी इस फंडिंग का इस्तेमाल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने, सेल्स पाइपलाइन तैयार करने और रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) के लिए करेगी। फंडिंग का एक बड़ा हिस्सा वर्ष 2028 तक 1,000 टन सालाना क्षमता वाली कमर्शियल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने पर खर्च किया जाएगा। अगले पांच वर्षों में कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 10,000 टन सालाना करने की योजना बना रही है।
2022 में हुई थी कंपनी की शुरुआत
altM की स्थापना वर्ष 2022 में पूर्व Tesla अधिकारियों अपूर्व गर्ग और युगल राज जैन ने की थी। कंपनी गन्ने की खोई (Sugarcane Bagasse) और धान के पुआल (Rice Straw) जैसे लिग्नोसेल्यूलोसिक बायोमास को स्पेशियलिटी केमिकल्स और बायोमैटेरियल्स में बदलने का काम करती है।
फिलहाल कंपनी का मुख्य फोकस ब्यूटी एंड पर्सनल केयर (BPC) सेक्टर पर है। इसके अलावा कंपनी का रिसर्च एंड डेवलपमेंट कंस्ट्रक्शन, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोटिव, पॉलिमर और बैटरी मैटेरियल्स जैसे क्षेत्रों में भी जारी है।
altM के को-फाउंडर और सीईओ अपूर्व गर्ग ने कहा, "शुरुआती स्तर पर हमारा लक्ष्य पायलट प्लांट से रेवेन्यू हासिल करना और अपनी सेल्स पाइपलाइन को मजबूत बनाना है।"