Analog Devices Inc. (ADI) ने Empower Semiconductor को 1.5 अरब डॉलर में खरीदने का समझौता किया है, इसका उद्देश्य AI सिस्टम्स के लिए नई पीढ़ी के पावर सॉल्यूशंस में अपनी पकड़ मजबूत करना है।
इस अधिग्रहण का मकसद AI इंफ्रास्ट्रक्चर में बढ़ती एक बड़ी समस्या को हल करना है यानी कुशल तरीके से बिजली की सप्लाई करना। जैसे-जैसे कंप्यूटिंग सिस्टम और ज्यादा एडवांस होते जा रहे हैं, वैसे-वैसे बिजली की खपत और गर्मी बड़ी समस्या बनती जा रही है, जो परफॉर्मेंस को बढ़ाने में बाधा डालती है। यह डील ADI को Empower की तकनीकों जैसे integrated voltage regulators (IVR) और silicon capacitors को अपने पोर्टफोलियो में शामिल करने में मदद करेगी।
इन दोनों कंपनियों की क्षमता मिलकर AI सिस्टम्स में बिजली सप्लाई को और बेहतर बनाएगी। इसमें बिजली को प्रोसेसर के ज्यादा करीब तक पहुँचाया जाएगा, जिससे ऊर्जा की बर्बादी कम होगी, दक्षता बढ़ेगी और ज्यादा घनत्व वाले (high-density) कंप्यूटिंग सिस्टम्स को सपोर्ट मिलेगा।
ADI के सीईओ और चेयरमैन विन्सेंट रोश ने कहा, “AI इंफ्रास्ट्रक्चर में पावर डिलीवरी का तरीका पूरी तरह बदल रहा है, और ऊर्जा अब सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। Empower के साथ हम अपने पावर सिस्टम को और बेहतर बनाएंगे ताकि अगली पीढ़ी के AI सिस्टम की जरूरतें पूरी हो सकें।”
Empower Semiconductor, जो सिलिकॉन वैली में स्थित है, अपने FinFast टेक्नोलॉजी के जरिए डेटा सेंटर्स की ऊर्जा खपत और लागत को कम करने पर काम करता है। इसके समाधान AI प्रोसेसर के लिए जरूरी सटीक और स्केलेबल पावर देते हैं, साथ ही सिस्टम का आकार और जटिलता भी कम करते हैं। Empower के सीईओ टिम फिलिप्स ने कहा, “Empower को AI पावर डिलीवरी की सबसे बड़ी समस्या को हल करने के लिए बनाया गया था, जो AI की गति को सीमित करती है। ADI के साथ जुड़ने से हमारी तकनीक तेजी से अपनाई जाएगी और परफॉर्मेंस और बेहतर होगी।”
इस सौदे को दोनों कंपनियों के बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। इसे 2026 के दूसरे हिस्से में पूरा होने की उम्मीद है, लेकिन इसके लिए अभी रेगुलेटरी मंजूरी और बाकी शर्तें पूरी होना जरूरी है। डील पूरी होने के बाद फिलिप्स ADI में IVR टेक्नोलॉजी का नेतृत्व करते रहेंगे।