इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता एथर एनर्जी को अपने इलेक्ट्रिक स्कूटरों को Canteen Stores Department (CSD) पोर्टल पर लिस्ट और रिटेल करने की मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही सितंबर 2026 से पात्र सशस्त्र बलों के कर्मी और पूर्व सैनिक CSD के माध्यम से Ather के इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीद सकेंगे।
इस मंजूरी के बाद Ather भारत की शुरुआती इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनियों में शामिल हो गई है, जिनके वाहन CSD प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे। कंपनी के अनुसार, CSD चैनल के जरिए Ather 450 परफॉर्मेंस सीरीज और Ather Rizta फैमिली के कुल आठ वेरिएंट बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। हालांकि, लिमिटेड-एडिशन Ather 450 Apex को इस लिस्टिंग में शामिल नहीं किया गया है।
सीएसडी (CSD) के माध्यम से खरीदारी करने वाले पात्र रक्षा कर्मियों और पूर्व सैनिकों को कंपनी की ओर से स्पेशल डिस्काउंट दिया जाएगा। यह डिस्काउंट CSD खरीदारी पर मिलने वाली सामान्य GST रियायतों के अतिरिक्त लागू होगा।
एथर एनर्जी (Ather Energy) के चीफ बिजनेस ऑफिसर रवनीत सिंह फोकेला ने कहा कि सीएसडी (CSD) प्लेटफॉर्म पर शामिल होना कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस पहल से सशस्त्र बलों के कर्मियों और उनके परिवारों को ऐसे चैनल के जरिए एथर इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने का विकल्प मिलेगा, जिसका वे पहले से इस्तेमाल करते हैं।
कंपनी के अनुसार, ईवी अपनाने को बढ़ावा देने में उपलब्धता और आसान पहुंच महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सीएसडी (CSD) प्लेटफॉर्म पर एथर स्कूटरों की उपलब्धता से रक्षा कर्मियों के बीच इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।