Audi ने बदली EV रणनीति, PHEV और पेट्रोल पर भी ध्यान

Audi ने बदली EV रणनीति, PHEV और पेट्रोल पर भी ध्यान

Audi ने बदली EV रणनीति, PHEV और पेट्रोल पर भी ध्यान
ऑडी ने अपनी ऑल-इलेक्ट्रिक रणनीति में बदलाव करते हुए ईवी  के साथ प्लग-इन हाइब्रिड और पेट्रोल इंजन पर भी ध्यान करने का फैसला किया है। भारत में कंपनी नए इलेक्ट्रिक मॉडल लाने और एक ईवी  की लोकल असेंबली शुरू करने की तैयारी कर रही है।

जर्मन लग्जरी कार निर्माता Audi ने अपनी पावरट्रेन रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी अब पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार निर्माता बनने की अपनी पुरानी योजना से हटकर बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (BEV), प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) और इंटरनल कम्बशन इंजन (ICE)- तीनों तकनीकों पर ध्यान देगी।

ऑडी के ग्लोबल सीईओ गेर्नोट डोलनर (CEO Gernot Döllner) ने बताया कि कंपनी की ऑल-इलेक्ट्रिक रणनीति की समीक्षा करने के बाद यह फैसला लिया गया। उनके मुताबिक, दुनिया के अलग-अलग बाजारों में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की रफ्तार अलग है, इसलिए ऑडी (Audi) को ज्यादा संतुलित प्रोडक्ट और पावरट्रेन पोर्टफोलियो की जरूरत है।

EV में सबसे बड़ा निवेश जारी रहेगा

डोलनर (Döllner) ने बताया कि रणनीति में बदलाव का मतलब इलेक्ट्रिक वाहनों से पीछे हटना नहीं है। ऑडी के लिए इलेक्ट्रिक तकनीक अब भी सबसे महत्वपूर्ण तकनीक बनी हुई है और कंपनी अपने निवेश का बड़ा हिस्सा बैटरी इलेक्ट्रिक वाहनों पर खर्च करेगी।

उन्होंने कहा कि कम्बशन इंजन करीब 100 साल के इनोवेशन चक्र के अंतिम चरण में है, जबकि बैटरी इलेक्ट्रिक तकनीक अभी शुरुआती दौर में है। हालांकि, कंपनी जरूरत के मुताबिक पेट्रोल और प्लग-इन हाइब्रिड तकनीक में भी चुनिंदा निवेश जारी रखेगी।

यूरोप में PHEV, अमेरिका में SUV पर जोर

ऑडी (Audi) अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरत के अनुसार अपनी पावरट्रेन रणनीति तैयार करेगी। यूरोप में प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, जबकि अमेरिका में बड़े SUV मॉडल के लिए कम्बशन इंजन और PHEV की जरूरत को ध्यान में रखा जाएगा।

कंपनी का मानना है कि भविष्य में 'वन-साइज-फिट्स-ऑल' रणनीति काम नहीं करेगी। ऑडी अब अलग-अलग बाजारों की जरूरतों को समझकर उसी के अनुसार वाहन विकसित करना चाहती है।

भारत में पेट्रोल और EV पर ध्यान

भारत के लिए ऑडी (Audi) की तत्काल रणनीति पेट्रोल और इलेक्ट्रिक वाहनों पर केंद्रित रहेगी। कंपनी की मौजूदा योजना में डीजल इंजन शामिल नहीं है। वहीं, भारत में प्लग-इन हाइब्रिड वाहनों की संभावनाएं इस बात पर भी निर्भर करेंगी कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (India-EU FTA) के तहत इन्हें कोई शुल्क या अन्य लाभ मिलता है या नहीं। ऑडी  भारत में नए इलेक्ट्रिक मॉडल भी लाने की तैयारी कर रही है।

भारत में Audi EV की लोकल असेंबली पर फैसला

ऑडी भारत में एक इलेक्ट्रिक वाहन की लोकल असेंबली शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ चुकी है। हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि कौन-सा मॉडल भारत में असेंबल किया जाएगा और इसकी शुरुआत कब होगी।

Q6 e-tron उन मॉडलों में शामिल है जिन पर विचार किया जा रहा है। अंतिम फैसला वाहन की संभावित बिक्री, कीमत और भारतीय परिस्थितियों के लिए उसकी उपयुक्तता के आधार पर लिया जाएगा।

भारत में ऊंची इम्पोर्ट ड्यूटी के कारण पूरी तरह आयातित लग्जरी EV की कीमत काफी बढ़ जाती है। ऐसे में लोकल असेंबली से Audi को कीमत और बाजार पहुंच बेहतर करने में मदद मिल सकती है।

भारत में SUV को प्राथमिकता

ऑडी का मानना है कि भारतीय परिस्थितियों में इलेक्ट्रिक SUV ज्यादा व्यावहारिक विकल्प हैं। बेहतर ग्राउंड क्लीयरेंस के कारण SUV भारतीय सड़कों और स्थानीय परिस्थितियों के लिए अधिक उपयुक्त मानी जा रही हैं। हालांकि, कंपनी ने इलेक्ट्रिक सेडान की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है।

भारत को ग्लोबल डेवलपमेंट में मिल रहा ज्यादा महत्व

ऑडी के अनुसार, भारत में ऑटोमोबाइल और मैन्युफैक्चरिंग तकनीक के तेजी से विकास ने देश की वैश्विक ऑटो इंडस्ट्री में स्थिति मजबूत की है। कंपनी भारत की स्थानीय जरूरतों—जैसे ग्राउंड क्लीयरेंस, सस्पेंशन, टायर, मौसम, धूल और ईंधन की गुणवत्ता—को अपने वैश्विक वाहन विकास में शामिल करती है।

ऑडी भविष्य में भारत में नए मॉडल वैश्विक लॉन्च के ज्यादा करीब लाने पर भी विचार कर रही है।

ऑडी का नया ध्यान: ग्लोबल, लेकिन ज्यादा क्षेत्रीय

ऑडी के सीईओ ने कहा कि कंपनी को अब ज्यादा क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप काम करना होगा। इसका उदाहरण Q9 SUV है, जिसे खास तौर पर अमेरिकी ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है और जिसका पहला बाजार लॉन्च अमेरिका में होगा।

ऑडी के मुताबिक, भारत अभी इतने बड़े वॉल्यूम पर नहीं पहुंचा है कि उसके लिए पूरी तरह अलग देश-विशिष्ट मॉडल विकसित किए जाएं। हालांकि, भारतीय बाजार की जरूरतों को वैश्विक उत्पाद विकास में लगातार शामिल किया जा रहा है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities