तेलुगु भाषी क्षेत्रों की समृद्ध पाक परंपरा को समर्पित एक अनोखा डाइनिंग कॉन्सेप्ट ‘भोजनम’ (Bhojanam) ने हैदराबाद के जुबिली हिल्स में अपना फ्लैगशिप आउटलेट खोला है। फुलस्टैक वेंचर्स के तहत प्रणवी और तेजा चेकुरी द्वारा तैयार किया गया यह 8,000 वर्ग फुट का विशाल रेस्टोरेंट आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की पाक संस्कृति की एक इमर्सिव यात्रा प्रस्तुत करता है।
भोजनम का मूल उद्देश्य घर की रसोई की उस गर्माहट को फिर से जीवंत करना है, जो पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक रेसिपीज़ में दिखाई देती है। यहां कृष्णा, गोदावरी, रायलसीमा और तेलंगाना जैसे अलग-अलग क्षेत्रों की विशिष्ट पहचान वाले व्यंजनों को प्रमुखता दी गई है।
फुलस्टैक वेंचर्स की सह-संस्थापक प्रणवी चेकुरी ने कहा,“भोजनम एक बेहद व्यक्तिगत मिशन पर आधारित है—तेलुगु परिवारों की पीढ़ियों से चली आ रही रेसिपीज़ को संरक्षित करना, उनका उत्सव मनाना और उन्हें मुख्यधारा में लाना। यह न तो फ्यूज़न है और न ही पुनर्निर्माण, बल्कि शुद्ध तेलुगु पाक विरासत है।”
जब “साउथ इंडियन फूड” को अक्सर एक ही श्रेणी में सीमित कर दिया जाता है, तब भोजनम एक रीजन-फर्स्ट थाली अनुभव पेश करता है। हर थाली को संबंधित क्षेत्र के स्वाद, मसालों की संरचना और सांस्कृतिक बारीकियों के अनुरूप तैयार किया गया है, जिससे मेहमानों को सिर्फ भोजन नहीं बल्कि तेलुगु भूमि की एक स्वादिष्ट यात्रा मिलती है।
भोजनम का यह उद्घाटन ब्रांड के विस्तार की शुरुआत है। कंपनी आने वाले वर्ष में दिल्ली और मुंबई में नए फॉर्मैट लॉन्च करने की योजना बना रही है। हैदराबाद का यह फ्लैगशिप आउटलेट ब्रांड का सांस्कृतिक केंद्र बनेगा।
फुलस्टैक वेंचर्स के सह-संस्थापक तेजा चेकुरी ने कहा,“यह एक ऐसा फॉर्मैट है जिसे बड़े पैमाने पर विस्तार के लिए तैयार किया गया है। तेलुगु व्यंजन बेहद विविध और पूरे भारत में पसंद किए जाते हैं। हमारा थाली-फर्स्ट अप्रोच हमें प्रामाणिकता से समझौता किए बिना कई शहरों में विस्तार की अनुमति देता है।”