टाटा समूह के स्वामित्व वाली ऑनलाइन ग्रॉसरी कंपनी बिगबास्केट (BigBasket) में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है। कंपनी के, को-फाउंडर और सीईओ हरि मेनन ने पद छोड़ने का फैसला किया है। उनके इस निर्णय के साथ ही भारतीय ई-कॉमर्स और ऑनलाइन ग्रॉसरी क्षेत्र के एक महत्वपूर्ण दौर का अंत माना जा रहा है। कंपनी की कमान अब अमित नंदा संभालेंगे, जो Amazon में लंबे समय तक काम कर चुके हैं और डिजिटल व्यवसायों को बड़े पैमाने पर विकसित करने का व्यापक अनुभव रखते हैं।
अमित नंदा की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारत का ऑनलाइन ग्रॉसरी और क्विक कॉमर्स बाजार तेजी से बढ़ रहा है। इस क्षेत्र में Blinkit, Zepto और Swiggy Instamart जैसे प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी आक्रामक विस्तार कर रहे हैं। ऐसे में बिगबास्केट अपनी प्रतिस्पर्धी स्थिति को और मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
हरि मेनन का कंपनी से अलग होना एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने बिगबास्केट को एक स्टार्टअप से देश के सबसे लोकप्रिय ऑनलाइन ग्रॉसरी ब्रांड्स में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में कंपनी ने लाखों ग्राहकों का भरोसा हासिल किया और भारतीय ऑनलाइन किराना बाजार में मजबूत पहचान बनाई।
उम्मीद की जा रही है कि अमित नंदा अपने वैश्विक अनुभव और डिजिटल रणनीतियों के जरिए कंपनी में नई ऊर्जा और नवाचार लेकर आएंगे। उनका फोकस परिचालन दक्षता बढ़ाने, ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने और व्यवसाय के विस्तार पर रहेगा।
अमित नंदा ने अपने बयान में कहा, “मैं बिगबास्केट से जुड़कर बेहद उत्साहित हूं। यह कंपनी भारत के लाखों उपभोक्ताओं के बीच मजबूत भरोसा बना चुकी है। बिगबास्केट की ग्राहक-केंद्रित सोच और टाटा समूह की विश्वसनीय विरासत भविष्य के लिए एक मजबूत आधार तैयार करती है। मैं हरि मेनन और उनकी टीम द्वारा बनाए गए संगठन की सराहना करता हूं, विशेष रूप से कंपनी के मजबूत प्राइवेट लेबल कारोबार की। मैं नेतृत्व टीम के साथ मिलकर कंपनी के साझा विजन को आगे बढ़ाने और उपलब्ध विशाल विकास अवसरों का लाभ उठाने के लिए उत्सुक हूं।”
विशेषज्ञों का मानना है कि यह नेतृत्व परिवर्तन बिगबास्केट के अगले विकास चरण की शुरुआत हो सकता है, जहां कंपनी तकनीक, ग्राहक सेवा और क्विक कॉमर्स सेगमेंट में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने का प्रयास करेगी।