मदर-एंड-बेबी रिटेलर फर्स्टक्राई की पैरेंट कंपनी ब्रेनबीज सॉल्यूशंस ने अपनी सहायक कंपनी ग्लोबलबीज ब्रांड्स के जरिए होम अप्लायंसेस कंपनी कैंडेस टेक्नोलॉजी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। 31 मार्च 2026 को पूरी हुई इस डील में कंपनी ने मौजूदा शेयरहोल्डर्स से 30% अतिरिक्त हिस्सेदारी 37,250 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से खरीदी। इस खरीद के बाद ग्लोबलबीज की कैंडेस में हिस्सेदारी 62% से बढ़कर 92% हो गई है।
जनवरी 2021 में शुरू हुई कैंडेस टेक्नोलॉजी होम अप्लायंसेस सेक्टर में काम करती है। कंपनी पंखे, गीजर, हीटर और किचन अप्लायंसेस जैसे प्रोडक्ट्स अपने ब्रांड के तहत बेचती है। इसका फोकस किफायती और स्मार्ट इलेक्ट्रिकल प्रोडक्ट्स पर है, जो बजट को ध्यान में रखने वाले ग्राहकों के लिए बनाए जाते हैं।
इस अधिग्रहण से ग्लोबलबीज की इलेक्ट्रॉनिक्स कैटेगरी में पकड़ और मजबूत होगी, जहां कंपनी पहले से ही डिजिटल-फर्स्ट ब्रांड्स के पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है।
वहीं, ब्रेनबीज सॉल्यूशंस ने दिसंबर 2025 में खत्म हुई तिमाही में 12% सालाना आधार पर राजस्व वृद्धि दर्ज की है। वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही (Q3 FY26) में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू बढ़कर 2,424 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 2,172 करोड़ रुपये था।
हालांकि, इस दौरान कंपनी का घाटा भी बढ़ा है। Q3 FY26 में नेट लॉस 38 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 15 करोड़ रुपये था। खर्चों में बढ़ोतरी मुख्य रूप से खरीद (प्रोक्योरमेंट) लागत के कारण हुई, जो कुल खर्च का 64% रही और बढ़कर 1,580 करोड़ रुपये हो गई। कर्मचारियों से जुड़े खर्च 197 करोड़ रुपये रहे, जिसमें 57 करोड़ रुपये ESOP से जुड़े खर्च शामिल हैं।