गुरुग्राम में स्थित डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (D2C) न्यूट्रिशन ब्रांड BeastLife ने हाल ही में 20 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई है, जिससे कंपनी का वैल्यूएशन 320 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी की जानकारी के अनुसार, इस राउंड में GVFL और Equentis ने भाग लिया।
इससे पहले, स्टार्टअप ने पिछले साल अप्रैल में भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह से 1.9 करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त किया था, साथ ही एक एंजेल फंडिंग राउंड में लगभग 4.79 लाख डॉलर (USD 479K) भी जुटाए थे।
साल 2024 में गौरव तनेजा और राज विक्रम गुप्ता द्वारा स्थापित बीस्टलाइफ स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स पर फोकस करता है, जैसे प्रोटीन सप्लीमेंट्स, क्रिएटिन, मास गेनर्स और मल्टीविटामिन्स। कंपनी मुख्य रूप से डिजिटल-फर्स्ट मॉडल पर काम करती है और अपने प्रोडक्ट्स अपनी वेबसाइट के साथ-साथ बड़े ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के जरिए बेचती है।
नई फंडिंग का इस्तेमाल कंपनी अपने ऑपरेशंस बढ़ाने, टीम मजबूत करने और ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों चैनलों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए करेगी। कंपनी धीरे-धीरे ऑफलाइन विस्तार की भी योजना बना रही है, जिसमें चुनिंदा जगहों से शुरुआत कर अलग-अलग रिटेल मॉडल्स को टेस्ट किया जाएगा, ताकि ओम्नीचैनल पहुंच को बेहतर बनाया जा सके।
BeastLife ने वित्त वर्ष 2025 (FY25) में 36 करोड़ रुपये का टर्नओवर दर्ज किया, जबकि FY26 में यह आंकड़ा करीब 100 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। कंपनी अगले तीन वर्षों में 500 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य रख रही है।
यह ब्रांड एक प्रतिस्पर्धी बाजार में काम करता है, जहां उसे MuscleBlaze, Optimum Nutrition, GNC और The Whole Truth जैसे स्थापित खिलाड़ियों से कड़ी टक्कर मिलती है।