भारत से जन्मे ब्रांड्स को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने पर केंद्रित उपभोक्ता ब्रांड कंपनी बीआरएनडी.एमई (पूर्व में मेंसा ब्रांड्स) ने यूरोप में अपने विस्तार की घोषणा की है। कंपनी ने यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, फ्रांस और स्पेन में संचालन शुरू किया है, जबकि अगले एक वर्ष में इटली, नीदरलैंड्स और पोलैंड में प्रवेश की योजना है। यह कदम मध्य पूर्व, अमेरिका और कनाडा जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत परफॉरमेंस के बाद उठाया गया है।
यूरोप में बीआरएनडी.एमई का विस्तार मुख्य रूप से इसके हेयरकेयर और अरोमाथेरेपी ब्रांड्स बोटैनिक हार्थ और मैजेस्टिक प्योर के जरिए किया जा रहा है। पिछले 18 महीनों में कंपनी ने डिजिटल-फर्स्ट मॉडल के माध्यम से चुनिंदा यूरोपीय बाजारों में पायलट संचालन किया, जिससे इन श्रेणियों में शुरुआती अच्छी पकड़ बनी। वर्तमान में यूरोप में कंपनी का यह कारोबार लगभग 60 लाख डॉलर के वार्षिक रन रेट पर चल रहा है, जिसमें दोनों ब्रांड्स लगभग 10% मासिक वृद्धि दर्ज कर रहे हैं।
कंपनी ने क्षेत्रीय विकास को समर्थन देने के लिए जर्मनी में एक जनरल मैनेजर की नियुक्ति की है और वेयरहाउसिंग व टीम विस्तार में निवेश पर भी विचार कर रही है। लॉन्च के कुछ ही हफ्तों में बोटैनिक हार्थ का रोज़मेरी हेयर ऑयल जर्मनी में शीर्ष पांच हेयर ऑयल्स में शामिल हो गया, जो प्रतिस्पर्धी यूरोपीय बाजार में मजबूत उपभोक्ता स्वीकार्यता को दर्शाता है।
बीआरएनडी.एमई के संस्थापक और सीईओ अनंत नारायणन ने कहा कि यूरोप कंपनी की अंतरराष्ट्रीय यात्रा का अगला स्वाभाविक चरण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 2026 के अंत तक यूरोपीय हेयरकेयर और अरोमाथेरेपी कारोबार 1 करोड़ डॉलर के रन रेट तक पहुंच जाएगा। कंपनी की रणनीति दोहराव वाली खपत, डिजिटल डिस्कवरी, डी2सी चैनलों और टिकाऊ यूनिट इकॉनॉमिक्स पर केंद्रित है।
वर्ष 2021 में स्थापित और भारत मुख्यालय वाली बीआरएनडी.एमई ने चार साल से कम समय में लगभग 165 मिलियन डॉलर का नेट रेवेन्यू हासिल किया है और ऑपरेटिंग कैश-फ्लो पॉजिटिव बन चुकी है। Accel, Norwest Venture Partners, Alpha Wave Global और Prosus जैसे वैश्विक निवेशकों के समर्थन से कंपनी भारत-आधारित मैन्युफैक्चरिंग और टेक-ड्रिवन ब्रांड बिल्डिंग के जरिए अपने वैश्विक विस्तार को आगे बढ़ा रही है।