निर्माण उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट ने 11,000 करोड़ रुपये की योजना को दी मंजूरी

निर्माण उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट ने 11,000 करोड़ रुपये की योजना को दी मंजूरी

निर्माण उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट ने 11,000 करोड़ रुपये की योजना को दी मंजूरी
केंद्रीय कैबिनेट ने भारत में निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों के घरेलू विनिर्माण और उनके कलपुर्जों के उत्पादन को मजबूत करने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है।


केंद्रीय कैबिनेट ने भारत के निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण (सीआईई) विनिर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत घरेलू निर्माताओं को प्रोत्साहन दिया जाएगा और देश में एक विशेष परीक्षण सुविधा स्थापित की जाएगी। इस योजना का नाम 'स्कीम फॉर एन्हांसमेंट ऑफ कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम' है। इसे भारी उद्योग मंत्रालय द्वारा लागू किया जाएगा।

भारत का निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण उद्योग फिलहाल चीन और अमेरिका के बाद दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्योग है। वित्त वर्ष 2025 में इस क्षेत्र का बाजार आकार लगभग 97,500 करोड़ रुपये था। अनुमान है कि वित्त वर्ष 2030 तक यह बढ़कर 2.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा।

इस योजना के तहत शिप-टू-शोर क्रेन, टनल बोरिंग मशीन, हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर और ऑफ-हाईवे ट्रक जैसे उपकरणों के साथ-साथ उनके कलपुर्जों के विनिर्माण को भी समर्थन दिया जाएगा।

दो प्रमुख घटकों में लागू होगी योजना

इस योजना के दो प्रमुख घटक होंगे। पहले घटक के तहत पात्र मूल उपकरण निर्माताओं (ओईएम) और कलपुर्जे बनाने वाली कंपनियों को बिक्री से जुड़े प्रोत्साहन दिए जाएंगे। यह प्रोत्साहन पांच वर्षों तक अतिरिक्त बिक्री मूल्य का 8 प्रतिशत से 13 प्रतिशत तक होगा।

दूसरे घटक के तहत भारत में एक विशेष निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण परीक्षण सुविधा स्थापित करने के लिए अधिकतम 375 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा। यह अनुदान वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा।

वित्त वर्ष 2027 से शुरू होगी योजना

यह योजना वित्त वर्ष 2027 से शुरू होकर आठ वर्षों तक लागू रहेगी। शुरुआती दो वर्ष यानी वित्त वर्ष 2027 और 2028 विनिर्माण सुविधाएं स्थापित करने के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके बाद वित्त वर्ष 2029 से 2033 तक अगले पांच वर्षों में प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। वहीं वित्त वर्ष 2034 का उपयोग वित्त वर्ष 2033 में दर्ज अतिरिक्त बिक्री के आधार पर मिलने वाले प्रोत्साहनों का अंतिम भुगतान करने के लिए किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य देश में घरेलू विनिर्माण क्षमता बढ़ाना, कलपुर्जों की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करना और आयात पर निर्भरता कम करना है। इसके अलावा, इस योजना से रोजगार के नए अवसर पैदा होने और भारतीय उपकरण निर्माताओं की वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा क्षमता बढ़ने की भी उम्मीद है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities