इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता क्रिएटारा मोबिलिटी (Creatara Mobility) ने दिल्ली-NCR के फरीदाबाद में अपनी पहली मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का उद्घाटन किया है। इस प्लांट के शुरू होने के साथ कंपनी ने रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) के शुरुआती चरण से आगे बढ़कर कमर्शियल मैन्युफैक्चरिंग की दिशा में कदम बढ़ाया है।
फरीदाबाद स्थित इस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की सालाना 30,000 यूनिट उत्पादन क्षमता है। कंपनी के अनुसार, यह सुविधा उसके इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पोर्टफोलियो के बड़े पैमाने पर उत्पादन और बाजार में विस्तार के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्लांट में कंपनी के फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स IN40 और VM4 का उत्पादन किया जाएगा। इन दोनों मॉडलों को भारतीय बाजार के साथ-साथ एक्सपोर्ट मार्केट को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
क्रिएटारा मोबिलिटी (Creatara Mobility) के फाउंडर और सीईओ (CEO) विकास गुप्ता ने कहा कि कंपनी की यात्रा की शुरुआत फैक्ट्री से नहीं, बल्कि एक विजन के साथ हुई थी। अब कंपनी उस विजन को औद्योगिक स्तर पर लागू करते हुए अपने कारोबार को बड़े पैमाने पर विस्तार देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
कंपनी की को-फाउंडर रिंगलाराई पामेई ने कहा कि क्रिएटारा (Creatara) का निर्माण अनुशासित तरीके से पूंजी के इस्तेमाल को ध्यान में रखते हुए किया गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी का मानना है कि महत्वाकांक्षा के साथ पूंजी अनुशासन को जोड़ने वाली कंपनियों के लिए बाजार में बड़ा अवसर है और क्रिएटारा (Creatara) इसी मॉडल पर आगे बढ़ना चाहती है।